Advertisement

भाजपा देश की सबसे अमीर पार्टी, 2016-17 में कुल आय 1,034.27 करोड़ रुपये

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश की सबसे अमीर पार्टी है। यह खुलासा एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स...
भाजपा देश की सबसे अमीर पार्टी, 2016-17 में कुल आय 1,034.27 करोड़ रुपये

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देश की सबसे अमीर पार्टी है। यह खुलासा एसोसिएशन फार डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (एडीआर) की आज नई दिल्ली में जारी रिपोर्ट में हुआ है। रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2016-17 में देश की सात राष्ट्रीय पार्टियों ने कुल 1,559.17 करोड़ रुपये की आय घोषित की।

इनमें भाजपा की आय सबसे ज्यादा 1,034.27 करोड़ रुपये रही। यह राशि वर्ष 2016-17 में राष्ट्रीय दलों द्वारा जुटाई गई कुल राशि का 66.34 फीसदी है।’  रिपोर्ट के अनुसार आय के लिहाज से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का स्थान इस लिस्ट में दूसरा है। कांग्रेस को इस दौरान राष्ट्रीय दलों को प्राप्त कुल राशि में से 225.36 करोड़ रुपये यानी 14.45 फीसदी राशि मिली है।

भाकपा की आय सबसे कम 2.08 करोड़ रुपये 

रिपोर्ट में कहा गया है कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) को इस दौरान सबसे कम 2.08 करोड़ रुपये यानी मात्र 0.13 फीसदी की आय हुई है। ये आंकड़े देशभर में पार्टियों द्वारा दाखिल की गई आयकर रिटर्न से जुटाए गए हैं।  रिपोर्ट में कहा गया है कि देश की सात राष्ट्रीय पार्टियों ने वर्ष के दौरान कुल 1,228.26 करोड़ रुपये का कुल खर्च घोषित किया है।  भाजपा ने 2016-17 में सबसे ज्यादा 710.05 करोड़ रुपये का खर्च दिखाया है। जबकि कांग्रेस ने इस दौरान कुल 321.66 करोड़ रुपये का खर्च किया है, यह उसकी वर्ष के दौरान हुई आय से 96.30 करोड़ रुपये ज्यादा है। रिपोर्ट के अनुसार बसपा की कुल आय की 70 फीसदी, भाजपा की कुल आय की 31 फीसदी, भाकपा और माकपा की कुल आय की छह फीसदी राशि 2016-17 में खर्च नहीं की गई।

बसपा की आय 173.58 करोड़ रुपये

इस साल बहुजन समाज पार्टी को 173.58 करोड़ रुपये की आय हुई है जबकि उसका व्यय 51.83 करोड़ रुपये रहा है।  एक साल के अंतराल (2015- 16 से 2016- 17) के दौरान भाजपा की आय 81.18 प्रतिशत बढ़ी है। इस दौरान भाजपा की आय 570.86 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,034.27 करोड़ रुपये हो गई। दूसरी ओर इस अवधि में कांग्रेस की आय 14 फीसदी घटकर 261.56 करोड़ से 225.36 करोड़ पहुंच गई। बसपा की आय 266.32 फीसदी बढ़कर 2015-16  के 47.38 करोड़ रुपये की तुलना में 2016-17 173.58 करोड़ रुपये हो गई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) की आय पिछले दो वर्ष में 88.63 फीसदी बढ़कर 17.23 करोड़ रुपये हो गई। 2015-16 में पार्टी की कुल आय 9.14 करोड़ रुपये थी जो 2016-17 में 17.235 करोड़ रुपये हो गई। रिपोर्ट के अनुसार एआइटीसी की आय 81.52 फीसदी और माकपा की आय 6.72 फीसदी घटी।

अनुदान/योगदान को बताया आय का प्रमुख स्रोत

भाजपा और कांग्रेस ने आय के अपने तीन मुख्य स्रोतों में अनुदान/योगदान को प्रमुख स्रोत बताया है। भाजपा की घोषणा के अनुसार अनुदान, दान और योगदान के माध्यम से उसे 997.12 करोड़ रुपये मिले। यह 2016-17 के दौरान की कुल आमदनी का 96.41 फीसदी है। उधर, इस दौरान कांग्रेस को समान स्रोतो से 50.626 करोड़ रुपये मिले। यह उसकी कुल आमदनी का 51.32 फीसदी है। भाजपा ने 2016-17 में 606.64 करोड़ रुपये चुनाव और प्रचार अभियानों पर खर्च किए। पार्टी ने प्रशासनिक कामों में 69.78  करोड़ रुपये खर्च किए। कांग्रेस ने चुनाव में 149.65 करोड़ रुपये और प्रशासकीय कार्यों में 115.65 करोड़ रुपये खर्च किए। 

सात राष्ट्रीय दलों ने 2016-17 में सबसे ज्यादा 74.98 फीसदी आय (1,169.07 करोड़ रुपये) स्वैच्छिक योगदान से जुटाए। इस दौरान इन दलों को बैंकों और फिक्सड डिपॉजिट के ब्याज से 128.60 करोड़ रुपये हासिल हुए। 7.98 फीसदी या 124.46 करोड़ रुपये की आय कूपन के जरिए प्राप्त हुए।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad