राजस्थान कैबिनेट में फेरबदल के तहत शनिवार को सभी मंत्रियों ने अपने इस्तीफे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत को सौंप दिए हैं। अब रविवार शाम को नए मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी। परिवहन मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद विधायक प्रताप सिंह खाचरियावास ने यह जानकारी दी।
इससे पहले राजस्थान में अशोक गहलोत मंत्रिमंडल में पुनर्गठन की कवायद के तहत शनिवार शाम साढ़े छह बजे मंत्रिमंडल की बैठक बुलाई गई। बैठक में सभी मंत्रियों के इस्तीफे लिए गए। पार्टी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटसरा ने प्रस्ताव रखा और इस तरह सभी मंत्रियों ने अपने इस्तीफे मुख्यमंत्री को सौंप दिए।
कल दोपहर 2 बजे प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में जाएंगे और वहां से सब कुछ तय होगा।रविवार को कांग्रेस विधायकों को दोपहर दो बजे पार्टी के प्रदेश कार्यालय में बुलाया गया है। उसके बाद का कार्यक्रम गहलोत व पार्टी के प्रदेश प्रभारी अजय माकन तय करेंगे। हालांकि सूत्रों का कहना है कि कल शाम चार बजे शपथग्रहण समारोह होगा।
सूत्रों के अनुसार राजभवन की ओर से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी कितने मंत्रियों को शपथ दिलाई जाएगी, यह तय नहीं हो सका है। खुद गहलोत ने शनिवार को एक कार्यक्रम में चुटकी लेते हुए कहा था कि 'पता नहीं क्या फैसले होंगे। या तो हाईकमान जानता है या ये जानते हैं। बेसब्री से इंतजार है हम सबको लॉटरी खुलने का।'
बताया जा रहा है कि नए मंत्रियों के नामों पर सहमति बन गई है. उधर, अजय माकन उन विधायकों को फोन कर जानकारी देंगे, जिन्हें मंत्री बनाया जाना है। नए मंत्रिमंडल के लिए सचिन पायलट खेमे से मंत्री पद के लिए जो संभावित नाम सामने आ रहे हैं। वह हेमाराम चौधरी ,बृजेन्द्र ओला, दिपेंद्र सिंह शेखावत, रमेश मीणा और मुरारीलाल मीणा हैं। वहीं इधर, गहलोत ख़ेमे से संभावित नामों में बसपा से राजेन्द्र गुढा, निर्दलीय- महादेव खंडेला, संयम लोढ़ा, कांग्रेस विधायक- महेन्द्रजीतासिंह मालवीय, रामलाल जाट, मंजू मेघवाल, जाहिदा खान और शंकुतला रावत का नाम लिया जा रहा है। कहा जा रहा है कि 15 संसदीय सचिव बनाए जा सकते हैं।
शुक्रवार को राजस्थान कांग्रेस के प्रभारी अजय माकन ने जयपुर पहुंचकर गहलोत कैबिनेट के 3 मंत्रियों के इस्तीफे की घोषणा कर दी थी। इस्तीफा देने वाले मंत्री हैं-शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, स्वास्थ्य मंत्री रघु शर्मा और राजस्व मंत्री हरीश चौधरी। पार्टी नेतृत्व ने इन तीनों मंत्रियों को संगठन के काम में लगाया है।