Advertisement

उत्तरप्रदेश कांग्रेस में बदलाव, अजय कुमार लल्लू को प्रदेश की कमान

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में यूपी कांग्रेस में बदलाव का दौर...
उत्तरप्रदेश कांग्रेस में बदलाव, अजय कुमार लल्लू को प्रदेश की कमान

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में यूपी कांग्रेस में बदलाव का दौर जारी है। प्रियंका गांधी सूबे में सक्रिय हैं और सड़क से सदन तक की लड़ाई लड़ी जा रही है। प्रदेश में उन्नाव कांड, सोनभद्र में 10 आदिवासियों की हत्या का मामला हो या स्वामी चिन्मयानंद पर लगे दुष्कर्म के आरोपों पर कांग्रेस राज्य सरकार को कानून व्यवस्था के मामले में घेरने में कामयाब हुई है। इसके अलावा प्रदेश में कानून व्यवस्था सहित अन्य मुद्दों पर भी कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा लगातार हमलावर हैं। बहुप्रतीक्षित सांगठनिक कार्यकारिणी में भी अजय कुमार उर्फ लल्लू को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर यह संदेश दिया है कि पार्टी में हवाई नहीं, जमीन पर काम करने वाले कार्यकर्ताओं को तरजीह दी जाएगी।

संगठन में कांग्रेस ने जातीय संतुलन के साथ संघर्ष करने वाले नेताओं को जगह दी है। विधायक आराधना मिश्रा को अजय कुमार की जगह विधानमंडल दल का नेता बनाया गया है। नई टीम में चार उपाध्यक्ष, 12 महासचिव और 24 सचिवों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को 18 सदस्यों की सलाहकार परिषद गठित कर साधने का काम किया गया है। पार्टी ने रणनीति और योजना पर काम करने वाले एक आठ सदस्यीय वर्किंग ग्रुप का भी गठन किया है।

कांग्रेस के नव नियुक्त अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ लल्लू ने “आउटलुक” को बताया कि संगठन ने उन्हें जो जिम्मेदारी दी है, उसे पूरा करने में वह कोई कोर कसर नहीं छोड़ेंगे। राज्य सरकार की गलत नीतियों के विरोध में सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई लड़ी जाएगी।

कांग्रेस की नव नियुक्त विधानमंडल दल प्रभारी आराधना मिश्रा ने ‘आउटलुक’ को बताया कि केंद्रीय नेतृत्व ने बहुत बडी जिम्मेदारी है। हम उनका आभार व्यक्त करते हैं। नई जिम्मेदारी के तौर पर जो टीम प्रियंका बनाई गई है, जिसमें वरिष्ठों और नौजवानों का भी सामंजस्य है। ये टीम पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी।

14 से तीन दिन लखनऊ में प्रियंका

प्रियका गांधी का 14 अक्टूबर से तीन दिन का लखनऊ दौरा प्रस्तावित है। 14 से 16 अक्टूबर तक लखनऊ में प्रियंका गांधी कांग्रेस के सभी नए पदाधिकारियों से मिलेंगीं। बैठक में सलाहकार कमेटी को भी बुलाया गया है। संभावना जताई जा रही है कि वह काम का बंटवारा भी करेंगी।

प्रियंका का नया आशियाना लखनऊ में

संगठन को धार देने के लिए कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव के लिए लखनऊ में नया आवास ढूंढ लिया गया है। लखनऊ में पूर्व कैबिनेट मंत्री शीला कौल का घर उनका नया ठिकाना होगा। लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद प्रियंका ने यूपी के कांग्रेसियों को अलग-अलग बुलाकर दिल्ली में मुलाकात की थी। सभी ने उन्हें फीडबैक दिया कि अगर कांग्रेस को यूपी में मजबूत करना है तो उन्हें अधिक समय देना पड़ेगा। इसके बाद यह निर्णय लिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad