Advertisement

बिहार चुनाव का हवाला दे असम में राहुल ने साधा मोदी पर निशाना

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर करारा प्रहार करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने आज उन पर चुनाव जीतने के लिए खोखले चुनावी वादे करने और लोगों के बीच मतभेद पैदा करने का आरोप लगाया। राहुल ने लोगों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।
बिहार चुनाव का हवाला दे असम में राहुल ने साधा मोदी पर निशाना

साल 2016 के असम विधानसभा चुनाव के वास्ते परोक्ष तौर पर कांग्रेस का प्रचार अभियान शुरू करते हुए राहुल ने बिहार चुनाव में हार को लेकर भी मोदी पर जमकर प्रहार किया।  उन्होंने कहा, सालभर पहले मोदी असम आए और बड़े-बड़े वादे किए। उनके मन में जो आया, उन्होंने कहा, उन्होंने कहा कि वह कालाधन वापस लाएंगे, हर भारतीय के खाते में 15 लाख रूपए डालेंगे और देश में करोड़ों युवकों को रोजगार देंगे। राहुल ने कहा, लोग उनके वादों पर हंसते हैं। चुनाव से पहले वह एक भारतीय को दूसरे भारतीय से लड़ाते हैं और फिर चुनाव जीतने की कोशिश करते हैं। चुनाव से पहले हमेशा कुछ समस्याएं पैदा की जाती हैं क्योंकि यदि लोग एकजुट हों तो भाजपा कभी चुनाव नहीं जीत सकती। भाजपा की आलोचना करते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कहा कि इस पार्टी का एकमात्र कार्ड, भाई को भाई से लड़ाना है।

 

बिहार विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, मोदी बिहार गए और वहां विकास करने के वादे किए, खोखले वादे किए। उन्होंने कहा, जब बिहार के लोगों ने उन्हें देखा और सुना तो उन्होंने कहा कि मोदी आप वापस दिल्ली जाइए। आपके खोखले वादे, आपके झूठ हमने एक बार स्वीकार कर लिए थे लेकिन हम अब सजग लोग हैं हम दूसरी बार आपके झांसे में नहीं आएंगे। राहुल ने कहा, लोगों ने बिहार चुनाव में ऐसी शिकस्त दी कि मोदी संसद में पहले जिस तरह ऊपर सिर उठाए और सीना फुलाए हुए बैठते थे, लेकिन अब उस तरह नहीं बैठते हैं। राज्य के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए कमर कसने का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा, वादे करना बड़ा आसान है, मोदी आएंगे और खोखले वादे करेंगे। उन्होंने कहा, जनसभाओं में उनसे पूछिए कि विशेष दर्जे का क्या हुआ जिसके तहत संप्रग सरकार ने असम एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र को धन भेजा था, आपके चुनावी वादे, 15 लाख रूपए कहां हैं जो आपने हमें देने का वादा किया था, तो वह दिल्ली लौट जाएंगे।

 

मोदी पर अपना हमला जारी रखते हुए कांग्रेस उपाध्यक्ष ने आरोप लगाया, मोदी गरीबों को कमजोर करना चाहते हैं, वह दो या तीन उद्योगपतियों को बनाना चाहते हैं, वह देश को दो या तीन उद्योगपतियों के हाथों बेच देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब, मजदूरों और किसानों को मजबूत बनाना चाहती है क्योंकि हम समझते हैं कि ये युवा ही हैं जो भारत बनाते हैं। यही हममें और उनमें अंतर है। अल्पसंख्यक बहुल एआईयूडीएफ के गढ़ में एक जनसभा में राहुल ने तरूण गोगोई की अगुवाई वाली असम सरकार की 15 साल की उपलब्धियों का भी बखान किया। उन्होंने कहा कि 15 साल पहले असम में हिंसा थी, जब हिंसा होगी तो विकास नहीं हो सकता। गोगोई और कांग्रेस ने असम में शांति एवं भाईचारा लाया। असम आगे बढ़ा। एक मशहूर पत्रिका ने गोगोई के असम को सड़क, पुल निर्माण और बुनियादी ढांचा विकास के मामले में नंबर एक पर रखा है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से उन्होंने कहा, यदि आप असम के किसानों के साथ जुड़ने और लोगों से भावनात्मक रिश्ता बनाने के लिए काम करेंगे तो जो कुछ बिहार में हुआ, वह असम में होने वाला है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad