Advertisement

कांग्रेस ने तोमर की बर्खास्तगी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

अपने आक्रामक तेवर जारी रखते हुए कांग्रेस ने गुरुवार को दिल्ली सरकार के कानून मंत्री जितेन्द्र सिंह तोमर को उनकी कथित फर्जी डिग्री के मद्देनजर पद से बर्खास्त करने की मांग करते हुए प्रदर्शन किया।
कांग्रेस ने तोमर की बर्खास्तगी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया

कांग्रेस के बहुत से कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को अवरोध तोड़कर दिल्ली सचिवालय की तरफ जाने का प्रयास किया तो पुलिस ने पानी की धार फेंककर उन्हें रोका। दिल्ली कांग्रेस के प्रमुख अजय माकन ने इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया। उनका कहना था कि तोमर को जब तक दिल्ली सरकार से हटा नहीं दिया जाएगा उनकी पार्टी चैन नहीं लेगी।

माकन ने वहां मौजूद प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए कहा, जब तक कानून मंत्री को हटाया नहीं जाएगा, हमारा आंदोलन जारी रहेगा। हम यह मांग भी करते हैं कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल इस मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दें। आम आदमी पार्टी साफ सुथरी राजनीति का वादा करके सत्ता में आई थी। लेकिन उसके नेता ही भ्रष्टाचार का संरक्षण कर रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने तोमर और केजरीवाल के खिलाफ नारे लगाए और कानून मंत्री को तत्काल बर्खास्त करने की मांग की। भाजपा ने भी इसी मामले पर बुधवार को केजरीवाल के सरकारी आवास के बाहर प्रदर्शन किया था। बुधवार को बिहार के एक विश्वविद्यालय, जहां से तोमर ने डिग्री लेने का दावा किया है, दिल्ली उच्च न्यायालय को बताया कि उनके वैकल्पिक प्रमाणपत्र नकली हैं और संस्थान के रिकॉर्ड में मौजूद नहीं हैं। आम आदमी पार्टी सरकार में कानून मंत्री तोमर इस आरोप और इस्तीफा देने से कतई इंकार कर चुके हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad