Advertisement

विवादों में 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर', जानें फिल्म के ट्रेलर पर कांग्रेस को क्यों है आपत्ति

फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' का ट्रेलर रिलीज होते ही विवादों में आ गया है। फिल्म का ट्रेलर...
विवादों में 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर', जानें फिल्म के ट्रेलर पर कांग्रेस को क्यों है आपत्ति

फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' का ट्रेलर रिलीज होते ही विवादों में आ गया है। फिल्म का ट्रेलर गुरूवार को रिलीज हुआ था। इसे देखने के बाद यूथ कांग्रेस महाराष्ट्र सहित अन्य कांग्रेसी नेताओं ने फिल्म को लेकर विरोध जताया है। वहीं,पूर्व प्रधानमंत्री डॉक्टर मनमोहन सिंह ने ट्रेलर देखने के बाद कुछ बोलने से मना कर दिया है। फिल्म संजय बारू की किताब पर आधारित है।

फिल्म को लेकर राजनीतिक बयानबाजी जारी है। कांग्रेस नेताओं ने 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर'  को भाजपा का एजेंडा बताया है। वहीं, भाजपा फिल्म को सही ठहरा रही है।

जानते हैं कि आखिर इस फिल्म को लेकर विवाद क्यों हैं..

रिमोट कंट्रोल पीएम को लेकर सवाल

डाक्टर मनमोहन सिंह यूपीए-1 और यूपीए-2 में प्रधानमंत्री रहे थे। उन्होंने साल 2004 से लेकर 2014 तक देश की कमान संभाली थी। इस दौरान कई विपक्षी पार्टियों ने उन्हें रिमोट कंट्रोल वाला प्रधानमंत्री बताया था। मनमोहन सिंह पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के कहने मुताबिक काम करने के आरोप लगे थे। फिल्म के ट्रेलर में भी इस बात पर जोर दिया गया है।

सोनिया गांधी की छवि को लेकर विरोध

फिल्म 'द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर' का ट्रेलर देखकर कहा जा सकता है कि इसमें सोनिया गांधी की छवि को गलत तरीके से पेश किया गया है, जो कि कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पसंद नहीं आ रहा है। इसको लेकर भी कांग्रेस परेशान नजर आ रही है।  

तथ्यों को गलत तरह से पेश करने का आरोप

यूथ कांग्रेस महाराष्ट्र का आरोप है कि निर्माता ने फिल्म में तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया है। उन्होंने फिल्मों के निर्माताओं को लिखे गए पत्र में रिलीज करने से पहले फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग और गलत तथ्यों को हटाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि निर्माता स्क्रीनिंग आयोजित नहीं करते हैं, तो हम अदालत का रुख करेंगे।

शुरू से विवादों में रही है बारू की किताब

फिल्म द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर संजय बारू की किताब द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर पर आधारित है। जिस समय संजय बारू ने यह किताब रिलीज की थी उस समय भी उन्हें और उनकी किताब को काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। विपक्षी पार्टियों ने इस किताब को काफी तूल दिया था।

इन कलाकारों ने निभाया है किरदार

फिल्म में अनुपम खेर ने पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का किरदार निभाया है। वहीं, अक्षय खन्ना संजय बारू की भूमिका में नजर आए हैं। पत्रकार संजय बारू 2004 से 2008 के बीच तत्कालीन प्रधानमंत्री के मीडिया सलाहकार थे। फिल्म में सोनिया गांधी का किरदार अनिनेत्री सुजैन बर्नट ने निभाया है। दिव्या सेठ शाह फिल्म में मनमोहन सिंह की पत्नी गुरशरण कौर की भूमिका में नजर आएंगी। 

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad