Advertisement

मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष, 24 साल बाद पार्टी को मिला पहला गैर-गांधी मुखिया

आज करीब 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया।...
मल्लिकार्जुन खड़गे कांग्रेस के नए अध्यक्ष, 24 साल बाद पार्टी को मिला पहला गैर-गांधी मुखिया

आज करीब 24 साल बाद गांधी परिवार के बाहर का कोई नेता देश की सबसे पुरानी पार्टी का अध्यक्ष चुना गया। कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे पार्टी के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए हैं। इससे पहले सीताराम केसरी गैर-गांधी अध्यक्ष रहे थे।

बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को मतदान हुआ था। इस बार मुकाबला वरिष्ठ पार्टी नेताओं मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच था, जिनमें से शशि थरूर को पछाड़ने में मल्लिकार्जुन खड़गे कामयाब रहे।

मल्लिकार्जुन खड़गे को 7,897, जबकि शशि थरूर को 1,072 वोट मिले हैं। इस पर शशि थरूर ने कहा, 'कांग्रेस का अध्यक्ष बनना बड़े सम्मान, बड़ी जिम्मेदारी की बात है, मैं मल्लिकार्जुन खरगे को इस चुनाव में उनकी सफलता के लिए बधाई देता हूं। अंतिम फैसला खड़गे के पक्ष में रहा, कांग्रेस चुनाव में उनकी जीत के लिए मैं उन्हें हार्दिक बधाई देना चाहता हूं।'

साथ ही उन्होंने कहा, 'सर्वाधिक संकटपूर्ण स्थितियों में पार्टी का संबल बने रहने और नेतृत्व प्रदान करने के लिए हम निवर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के ऋणी हैं। कांग्रेस अध्यक्ष पद का स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने में अपना योगदान देने के लिए मैं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का धन्यवाद करता हूं।'

खड़गे की जीत पर बधाई और पार्टी में जश्न

कांग्रेस की निवर्तमान अध्यक्ष सोनिया गांधी ने बुधवार को पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहुंचकर उन्हें बधाई दी।

चुनाव नतीजे घोषित होने के बाद सोनिया गांधी खड़गे के 10 राजाजी मार्ग स्थित आवास पर पहुंचीं। उनके साथ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी थीं।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पार्टी के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को जीत पर बधाई दी और कहा कि इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को संभालने जा रहे खरगे का व्यापक अनुभव और वैचारिक प्रतिबद्धता पार्टी के बहुत काम आएगी।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘मल्लिकार्जुन खरगे जी को कांग्रेस अध्यक्ष निर्वाचित होने पर बधाई। कांग्रेस अध्यक्ष भारत के लोकतांत्रिक दृष्टिकोण का प्रतिनिधित्व करता है।’’

राहुल गांधी ने कहा, ‘‘इस ऐतिहासिक जिम्मेदारी को संभालने जा रहे खरगे जी का व्यापक अनुभव और वैचारिक प्रतिबद्धता पार्टी के बहुत काम आएगी।’’

वहीं, कांग्रेस के अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे की जीत के बाद दिल्ली में एआईसीसी कार्यालय के बाहर जश्न का माहौल देखा गया।

कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे ने 7897 वोटों से जीत हासिल की और शशि थरूर को करीब 1000 वोट मिले हैं। मल्लिकार्जुन खड़गे 8 गुना ज्यादा वोटों से जीते हैं।

वहीं, सचिन पायलट ने कहा कि भारी बहुमत से मल्लिकार्जुन खड़गे जी जीते हैं, ये लोकतंत्र की जीत है और कांग्रेस पार्टी की जीत है। मैंने मल्लिकार्जुन खड़गे जी को बधाई दी है। मुझे पूरा भरोसा है कि खड़गे जी का व्यापक अनुभव पार्टी को मिलेगा।

कांग्रेस केंद्रीय चुनाव प्राधिकरण के अध्यक्ष मधुसूदन मिस्त्री ने कहा कि मैं मल्लिकार्जुन खड़गे को कांग्रेस का निर्वाचित अध्यक्ष घोषित करता हूं। मिस्त्री ने बताया कि पार्टी अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे विजयी रहे, उन्हें 7897 वोट मिले तथा थरूर को 1072 वोट मिले।

उन्होंने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में 9,385 वोट पड़े और इनमें से 416 वोट अवैध करार दिए गए। थरूर की शिकायत का सार्वजनिक होना ठीक नहीं है, इसका बिंदुवार जवाब दूंगा।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad