Advertisement

कांग्रेस सांसद संतोख सिंह के निधन पर नेताओं ने जताया शोक, राहुल गांधी ने टाली प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान पार्टी नेता एवं सांसद संतोख सिंह चौधरी के शनिवार को...
कांग्रेस सांसद संतोख सिंह के निधन पर नेताओं ने जताया शोक, राहुल गांधी ने टाली प्रेस कॉन्फ्रेंस

कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान पार्टी नेता एवं सांसद संतोख सिंह चौधरी के शनिवार को आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। पार्टी नेताओं ने कहा कि यात्रा के दिन के कार्यक्रम में कुछ बदलाव किए जाएंगे।

संतोख सिंह जालंधर से कांग्रेस सांसद थे और 'भारत जोड़ो यात्रा' में राहुल गांधी के साथ फिलहाल पंजाब में पदयात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया। तबीयत बिगड़ने पर उन्हें लुधियाना के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संतोख सिंह चौधरी के निधन पर ट्वीट कर शोक जताया। उन्होंने लिखा, "सांसद श्री संतोख सिंह चौधरी जी के निधन से बहुत दुख हुआ। उन्हें पंजाब के लोगों की सेवा करने के उनके प्रयासों के लिए याद किया जाएगा। उनके परिवार और समर्थकों के प्रति संवेदनाएं।"

कांग्रेस सांसद के निधन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दुख जाहिर किया है। मान ने ट्वीट में लिखा 'मुझे उनके निधन पर गहरा दुख हुआ है। भगवान, उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें'।

 संतोख सिंह चौधरी के निधन पर राहुल गांधी ने दुख जताया है। राहुल गांधी ने कहा कि संतोख सिंह चौधरी के अकस्मात निधन से स्तब्ध हूं। वो ज़मीन से जुड़े परिश्रमी नेता, एक नेक इंसान और कांग्रेस परिवार के मज़बूत स्तम्भ थे, जिन्होंने युवा कांग्रेस से सांसद तक अपना जीवन जनसेवा को समर्पित किया। शोकसंतप्त परिवार को अपनी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।

संतोख सिंह चौधरी के निधन पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने दुख जताते हुए ट्वीट किया, "हमारे सांसद श्री संतोख चौधरी के असामयिक निधन के समाचार से चकित और दुखी हूं। उनका जाना पार्टी को संगठन के लिए बड़ा झटका है। दुख की इस घड़ी में, मैं उनके परिवार, दोस्तों और चाहने वालों के साथ हूं। उनकी आत्मा को शांति मिले।"

 

भारत जोड़ो यात्रा और पार्टी सांसद संतोख सिंह चौधरी के निधन पर पंजाब कांग्रेस के चीफ ने कहा कि यात्रा आज के लिए स्थगित कर दी गई है। कांग्रेस सांसद का रविवार को अंतिम संस्कार होगा। अभी तक राहुल गांधी से बात नहीं हुई है लेकिन हम सभी को लगता है कि अंतिम संस्कार के बाद हम यात्रा शुरू करेंगे। अंतिम संस्कार तक इसे निलंबित कर दिया गया है।

लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने भी कांग्रेस सांसद के निधन पर दुख जताया है। स्पीकर ने लिखा, "जालंधर से लोकसभा सांसद श्री संतोख सिंह जी के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। सुदीर्घ सार्वजनिक जीवन में जनहित के मुद्दों पर वह सदैव मुखर रहे। सदन में अनुशासन से अपनी बात रखना उनके व्यक्तित्व की खासियत थी, ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें, परिजनों के प्रति मेरी संवेदनाएं।"

पंजाब कांग्रेस प्रमुख अमरिंद सिंह ने बताया "उनका अंतिम संस्कार कल उनके गांव में होगा। राहुल गांधी को जैसे ही पता चला उन्होंने यात्रा बंद की और जहां उनको दोपहर में रुकना था वे वहां चले गए थे। यह दुखद घटना है और उनके परिवार के साथ सहानुभूति है।

जालंधर से कांग्रेस सांसद संतोख सिंह चौधरी के अप्रत्याशित और स्तब्ध कर देने वाले निधन के कारण कल (रविवार) जालंधर में होने वाली राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस अब 17 जनवरी को होशियारपुर में होगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad