Advertisement

कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुईं खुशबू सुंदर

दक्षिण भारत की जानी मानी सिने अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने आज यानी सोमवार को राजधानी दिल्ली में  भारतीय...
कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने के बाद भाजपा में शामिल हुईं खुशबू सुंदर

दक्षिण भारत की जानी मानी सिने अभिनेत्री खुशबू सुंदर ने आज यानी सोमवार को राजधानी दिल्ली में  भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया। भाजपा के महासचिव सी टी रवि और तमिलनाडु प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एल. मुरुगन ने खुशबू सुंदर का पार्टी में स्वागत किया। उनके साथ ही तमिलनाडु के जाने माने राजनीतिक पत्रकार मदन रविचंद्रन और भारतीय राजस्व सेवा के पूर्व अधिकारी सर्वनन कुमारन ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में खुशबू सुंदर ने कहा कि वह मानती है कि यह समय है जब देश को आगे ले जाना है। यह सौभाग्य की बात हैे कि हमारे पास प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का कर्मठ नेतृत्व है और देशवासियों को विश्वास है कि श्री मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है और तरक्की की राह पर अग्रसर है। उन्हाेंने कहा कि वह अब से पूरी तरह से भाजपा की समर्पित कार्यकर्ता हैं और पार्टी जो भी दायित्व सौंपेगी, उसे वह पूरी निष्ठा से पूरा करेंगी। उन्होंने अगले वर्ष तमिलनाडु में होने वाले चुनाव में भाजपा की जीत के लिए जीजान से परिश्रम करने की भी प्रतिज्ञा की।

खुशबू सुंदर सिने जगत का जाना पहचाना नाम है। उन्होंने तमिल, तेलुगु, कन्नड़ एवं मलयालम के अलावा हिन्दी एवं भोजपुरी की कुल 200 से अधिक फिल्मों में भी काम किया। वह 2010 में राजनीति में आयीं थीं और द्रविड़ मुनेत्र कषगम में शामिल हुईं थीं और वर्ष 2014 में कांग्रेस में गयीं जहां उन्हें प्रवक्ता बनाया गया था। अब वह कांग्रेस को छोड़कर भाजपा में आयीं हैं।

लोकप्रिय तमिल अभिनेत्री सुंदर 2014 में कांग्रेस में शामिल हुई थीं। उन्होंने अपना इस्तीफा कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी को भेजा है। कांग्रेस में शामिल होने से पहले वह द्रमुक में थीं।

इससे पहले सुंदर ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना त्याग पत्र भेजा था, जिसमें उन्होंने कहा, "कुछ लोग जो पार्टी के भीतर उच्च स्तर पर बैठे हैं, वे जमीनी हकीकत या सार्वजनिक मान्यता के साथ कोई जुड़ाव नहीं रखते हैं। वे शर्तों को निर्धारित कर रहे हैं।" उन्होंने कहा कि इस तरह की ताकतों के कारण उनके जैसे लोग जो पार्टी के लिए ईमानदारी काम करना चाहते थे, उन्हें ऐसा नहीं करने दिया गया। खुशबू सुंदर ने पार्टी प्रमुख, पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और अन्य सभी कांग्रेस नेताओं को भी धन्यवाद दिया।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मीडिया प्रभारी प्रणव झा ने एक बयान में कहा, “खुशबू सुंदर को कांग्रेस प्रवक्ता के पद से तत्काल प्रभाव से हटाया जाता है।” अभिनेत्री ने कहा कि लंबे समय तक व्यापक “विचार प्रक्रिया” के बाद उन्होंने कांग्रेस से अपने रिश्ते खत्म करने का फैसला किया है।

2014 से कांग्रेस से जुड़ने वाली खुशबू सुंदर 2018 में तेलंगाना विधानसभा चुनावों के दौरान रैलियों का नेतृत्व करने वाले स्टार प्रचारकों में से एक थीं। उन्होंने तब कहा था कि उनकी पार्टी संसद में महिला आरक्षण बिल पेश करने वाली पहली पार्टी थी। इस दौरान उन्होंने सत्तारूढ़ एनडीएस सरकार के खिलाफ जमकर बोला था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad