Advertisement

रूपाणी को गुजरात की कमान, नितिन पटेल उप मुख्यमंत्री चुने गए

आखिरकार विजय रूपाणी को दोबारा गुजरात का ताज मिल गया। विजय रुपाणी गुजरात के मुख्यमंत्री बनेंगे।...
रूपाणी को गुजरात की कमान, नितिन पटेल उप मुख्यमंत्री चुने गए

आखिरकार विजय रूपाणी को दोबारा गुजरात का ताज मिल गया। विजय रुपाणी गुजरात के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्हें गुजरात विधायक दल में नेता चुना गया। जबकि नितिन पटेल को विधायक दल ने उप मुख्यमंत्री के तौर पर चुना है।गांधीनगर में पार्टी कार्यालय में पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है। पर्यवेक्षक के तौर पर अरुण जेटली और सरोज पांडे इस दौरान मौजूद रहे।

विजय रुपाणी चुनाव होने से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री थे। उन्हें पहली बार 7 अगस्त, 2016 को आनंदी बेन पटेल के इस्तीफा देने के बाद सूबे का मुख्यमंत्री बनाया गया था।

बता दें कि 100 से कम सीटें लाने की वजह से अटकलें लगाई जा रही थी कि विजय रूपाणी की सीएम की कुर्सी जा सकती है। वैसे ही राज्य में पटेलों के बीच हार्दिक पटेल के प्रभाव के मद्देनजर माना जा रहा था कि किसी पटेल जाति के व्यक्ति को यह कुर्सी दी जा सकती है लेकिन इन अटकलों खारिज करते हुए रूपाणी पर फिर से भरोसा जताया गया है।

इस तरह चुने गए CM...

विधायक दल के नेता या मुख्यमंत्री के चुनाव की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए जेटली ने कहा कि केन्द्रीय पर्यवेक्षक होने के नाते उन्होंने चुने गए विधायकों से नाम प्रस्तावित करने के लिए कहा। उन्होंने बताया कि भूपेंद्र यादव ने रुपाणी और पटेल का नाम आगे किया, जिसका समर्थन 5 अन्य विधायकों ने किया।

इन नामों को सबके सामने रखा गया। सभी ने सर्वसम्मति से उनके नाम पर सहमति जताई। जेटली ने बताया कि सदस्यों से यह भी पूछा गया कि क्या किसी को कोई और नाम प्रस्तावित करना है। कोई आगे नहीं आया तो रुपाणी और पटेल के नामों पर मुहर लग गई।


25 को हो सकता है शपथ ग्रहण

कहा जा रहा है कि गुजरात के नए मुख्यमंत्री का शपथ-ग्रहण 25 दिसंबर को हो सकता है, क्योंकि इस दिन पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्मदिन है।  इसके अलावा साल 2012 के चुनावों के बाद नरेंद्र मोदी ने भी 25 दिसंबर को ही शपथ ग्रहण किया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad