Advertisement

फूड पार्क के मुद्दे पर सरकार ने राहुल गांधी को घेरा

सरकार ने शुक्रवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी को घेरते हुए उन पर राजनीतिक खेल खेलने और अपने निर्वाचन क्षेत्र अमेठी में फूड पार्क के मुद्दे पर सदन को गुमराह करने का आरोप लगाया जिसका कांग्रेसी सदस्यों ने जोरदार प्रतिरोध किया। इसके चलते सदन की बैठक दो बार स्थगित भी हुई।
फूड पार्क के मुद्दे पर सरकार ने राहुल गांधी को घेरा

कांग्रेस उपाध्यक्ष द्वारा कल शून्यकाल में फूड पार्क का मुद्दा उठाए जाने के बाद आज खाद्य प्रसंस्करण मंत्री हरसिमरत कौर ने इसका जवाब देते हुए कहा, इस परियोजना को 11 जुलाई 2014 को रद्द कर दिया गया था। तबसे अब तक राहुल गांधी क्या कर रहे थे।  सत्ता पक्ष के सदस्यों ने इस जवाब का मेजेें थपथपाकर जोरदार समर्थन किया तो वहीं कांग्रेसी सदस्य इसके विरोध में आसन के समक्ष आकर नारेबाजी करने लगे।

राहुल गांधी ने कल प्रधानमंत्राी नरेन्द्र मोदी पर आरोप लगाया था कि वे बदलाव की राजनीति करने के अपने वादे के विपरीत बदले की राजनीति कर रहे हैं। भाजपा सदस्य किरीट सोमैया द्वारा सदन में शून्यकाल के दौरान यह मुद्दा उठाए जाने के समय कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सदन में नहीं थे। किरीट सोमैया द्वारा यह मामला उठाए जाने के तुरंत बाद मंत्री ने इसका जवाब दिया। सोमैया ने कहा कि उन्होंने फूड पार्क के मुद्दे पर सदन को कथित रूप से गुमराह करने को लेकर कांग्रेेस उपाध्यक्ष के खिलाफ विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया है।

मंत्री ने कहा कि राहुल गांधी राष्ट्र को और देश की जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने इस मुद्दे को लेकर राहुल गांधी पर होमवर्क करके नहीं आने और फरेब की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कटाक्षपूर्ण अंदाज में कहा कि कांग्रेस नेता फाइव स्टार छुट्टियां बिताकर और फर्स्ट क्लास विमान से लौटकर आलू उत्पादक किसानों का मुद्दा उठा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि फूड पार्क परियोजना को 2010 में मंजूरी दी गयी थी लेकिन राहुल गांधी ने इस मामले में कुछ नहीं किया। उन्होंने कहा कि फूड पार्क की वर्ष 2012 तक आधारशिला तक नहीं रखे जाने पर कंपनी को एक कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। तब भी कांग्रेस उपाध्यक्ष इस मामले पर चुप्पी साधे रहे। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad