हाथरस गैंगरेप मामले को लेकर लगातार राजनीतिक हलचल जोरो पर है। उत्तर प्रदेश प्रशासन द्वारा पीड़िता के परिवार से राजनीतिक दलों के मिलने की अनुमति मिलने के बाद से लगातार बीते तीन दिनों से विपक्षी पार्टी और नेताओं का आना-जाना शुरू है। सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह पीड़िता के परिवार से मुलाकात करने के लिए हाथरस पहुंचे।
परिवार से मुलाकात करने के बाद जब वो बाहर निकले तो उन पर स्याही फेंकी गई। जिसके बाद आप कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। सांसद संजय सिंह ने कहा कि परिवार वाले डरे हुए हैं, पूरे गांव को छावनी बना दिया गया है। उन्होंने यूपी के सीएम योगी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राज्य सरकार दरिंदों को बचाने में जुटी हुई है। सीबीआई जांच के आदेश को लेकर भी कई सवाल उठाए।
आप उत्तर प्रदेश के अधिकारिक ट्वीटर हैंडल से ट्वीट करते हुए कहा गया, "पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे आप सांसद संजय सिंह पर स्याही फेंकवा कर भाजपा ने आज अपने स्याह पक्ष को उजागर कर दिया है। संजय सिंह पर जो स्याही फेंकी गई है उसी स्याही से योगी के काले कारनामों का काला इतिहास लिखा जाएगा।"
पीड़ित परिवार को सांत्वना देने पहुंचे @AamAadmiParty सांसद @SanjayAzadSln जी पर स्याही फेंकवा कर भाजपा ने आज अपने स्याह पक्ष को उजागर कर दिया है।
संजय सिंह जी पर जो स्याही फेंकी गई है उसी स्याही से योगी के काले कारनामों का काला इतिहास लिखा जाएगा। pic.twitter.com/lLAuiCVzzf
— Aam Aadmi Party- Uttar Pradesh (@AAPUttarPradesh) October 5, 2020
इससे पहले रविवार को भीम आर्मी चीफ चंद्रशेखर ने परिवार से मुलाकात की थी। उन्होंने परिवार को वाई कैटेगरी की सुरक्षा देने की मांग की थी। वहीं, शनिवार काफी राजनीतिक गहमागहमी के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा को हाथरस जाने की अनुमति मिली थी। परिवार से मुलाकात के बाद दोनों ने कहा था कि लड़ाई तब तक जारी रहेगी जब तक न्याय नहीं मिल जाता।
कथित गैंगरेप पीड़िता की मौत बीते सप्ताह तीस अक्टूबर की सुबह दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में हो गया था। 14 अक्टूबर को उसके साथ गैंगरेप की वारदात सामने आई थी। मामले में चार आरोपी को गिरफ्तार किया जा चुका है।