Advertisement

इंडिया गठबंधन मुसलमानों को खुश करने के लिए एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण छीनना चाहता है: जेपी नड्डा

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि 'घमंडिया'...
इंडिया गठबंधन मुसलमानों को खुश करने के लिए एससी, एसटी, ओबीसी का आरक्षण छीनना चाहता है: जेपी नड्डा

इंडिया गठबंधन पर निशाना साधते हुए भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि 'घमंडिया' गठबंधन दलितों, आदिवासियों और पिछड़ों के खिलाफ है क्योंकि वे इन वर्गों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को खुश करना चाहते हैं।

भाजपा प्रमुख ने यह भी आरोप लगाया कि 'घमंडिया गठबंधन' 'सनातन विरोधी' और 'राष्ट्र विरोधी' है। उन्होंने लोगों से भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की और दावा किया कि अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते हैं तो भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

इंडिया गठबंधन पर कटाक्ष करते हुए नड्डा ने आरोप लगाया कि इंडिया ब्लॉक एससी, एसटी, ओबीसी और अत्यंत पिछड़े वर्गों के खिलाफ है क्योंकि वे समाज के इन वर्गों का आरक्षण छीनकर मुसलमानों को खुश करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, "यह गठबंधन मुस्लिम तुष्टिकरण के लिए दलितों, आदिवासियों और पिछड़े समुदायों के आरक्षण को छीनना चाहता है।"

नड्डा कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी और मौजूदा सांसद विजय दुबे के समर्थन में आयोजित चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री मोदी के कार्यों की सराहना करते हुए नड्डा ने कहा, "आज कोविड और यूक्रेन में युद्ध की मार झेलने के बावजूद नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत 11वें स्थान से उछलकर दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। अगर नरेंद्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनते हैं तो भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।"

कोविड संकट की याद दिलाते हुए नड्डा ने कहा, "दुनिया का कोई भी नेता कोविड से लड़ने में सक्षम नहीं था। अमेरिका, यूरोप और जापान कोई फैसला नहीं ले पा रहे थे, लेकिन नरेंद्र मोदी ने लॉकडाउन लगाया और दो महीने के अंदर देश को कोविड से लड़ने में सक्षम बना दिया।" उन्होंने लोगों से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में वोट देने की अपील करते हुए कहा, "अगर बटन सही जगह दबाया जाता है, तो विकास होता है। लेकिन अगर बटन गलत जगह दबाया जाता है, तो बहू-बेटियों की इज्जत खतरे में पड़ जाती है और व्यापारी पलायन को मजबूर हो जाते हैं।"

उन्होंने कहा, "लोगों का उत्साह, उमंग, खुशी और ऊर्जा देखकर मुझे यकीन हो गया है कि आप लोगों ने विजय दुबे को फिर से लोकसभा भेजने का मन बना लिया है। सवाल दुबे का नहीं, बल्कि नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का है।" नड्डा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी तारीफ की। उन्होंने गोमती रिवर फ्रंट समेत कई घोटालों के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव को जिम्मेदार ठहराया।

उन्होंने राजद सुप्रीमो लालू यादव से जुड़े चारा घोटाले का जिक्र किया और कहा कि पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लोग कथित शिक्षक भर्ती घोटाले में शामिल हैं। उन्होंने डीएमके नेताओं पर कथित रेत घोटाले और अरविंद केजरीवाल पर कथित शराब घोटाले में शामिल होने का आरोप लगाया। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "एक समय उत्तर प्रदेश माफिया राज के लिए जाना जाता था, जहां बहू-बेटियां सुरक्षित नहीं थीं, व्यापारी पलायन कर रहे थे और माफिया दिनदहाड़े किसी की भी हत्या कर देते थे। आज उसी उत्तर प्रदेश में नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद और योगी आदित्यनाथ की मेहनत से माफियाओं को जमीन में गाड़ दिया गया है और जो लोग माफिया के साथ थे, वे जेल में हैं।"

नड्डा ने विपक्षी दलों पर भाई-भतीजावाद में लिप्त होने का भी आरोप लगाया। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी के कई नेताओं का नाम लेते हुए उन पर केवल अपने परिवार के सदस्यों के बारे में सोचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दूसरी ओर मोदी को देश के 140 करोड़ लोगों की चिंता है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी चुनावी सभा को संबोधित किया। कुशीनगर लोकसभा क्षेत्र के लिए चुनाव सातवें चरण में एक जून को होंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad