Advertisement

कमलनाथ को मिली मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान, सिंधिया बने कैंपेन कमेटी के चेयरमैन

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान वरिष्ठ नेता कमलनाथ को सौंप दी है। उन्हें...
कमलनाथ को मिली मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान, सिंधिया बने कैंपेन कमेटी के चेयरमैन

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश कांग्रेस की कमान वरिष्ठ नेता कमलनाथ को सौंप दी है। उन्हें अरुण यादव की जगह प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया है। प्रदेश कैंपेन कमेटी के चेयरमैन की जिम्मेदारी सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया को दी गई है। गोवा में भी प्रदेश अध्यक्ष बदल दिया गया है। गिरीश चोडनाकर को यहां का अध्यक्ष बनाया गया है। यह जानकारी गुरुवार को कांग्रेस महासचिव अशोक गहलोत ने दी।

अध्यक्ष बनने के बाद कमलनाथ ने कहा कि वह प्रतिबद्धता, साहस और आपसी तालमेल से भाजपा और गैरधर्मनिरपेक्ष ताकतों की हार के लिए काम करेंगे।उन्होंने जिम्मेदारी देने के लिए सोनिया गांधी और राहुल गांधी के प्रति आभार जताया।

कमलनाथ को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाए जाने पर राज्य के मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह ने उन्हें बधाई दी है। शिवराज ने ट्वीट कर अपनी शुभकामनाएं दीं।

मध्य प्रदेश में पार्टी ने चार कार्यकारी अध्यक्ष भी मनोनीत किए हैं। बाला बच्चन, रामनिवास रावत, जीतू परटवारी और सुरेंद्र चौधरी को यह जिम्मेदारी दी गई है। गहलोत ने एक बयान जारी कर मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से मुक्त किए गए अरुण यादव के कार्यों की सराहना की है।

सिंधिया को अभियान समिति का अध्यक्ष बनाने और चार कार्यकारी अध्यक्षों के मनोयन से यह साफ हो गया है कि कांग्रेस अपने सभी वरिष्ठ नेताओं के साथ चुनावी मैदान में उतरने की पूरी तैयारी कर चुकी है।

इससे पहले राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने भी पिछले सप्ताह अपने प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी सांसद राकेश कुमार सिंह को सौंपी थी। उन्हें नंद कुमार साय की जगह यह अध्यक्ष बनाया गया था। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में इस साल के नवंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad