Advertisement

गांधी परिवार की गैरमौजूदगी में सिब्बल की डिनर डिप्लोमेसी, क्या बनी रणनीति, कौन-कौन हुआ शामिल?

कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल द्वारा आयोजित रात्रिभोज में एक दर्जन से ज्यादा दलों के शीर्ष नेताओं ने...
गांधी परिवार की गैरमौजूदगी में सिब्बल की डिनर डिप्लोमेसी, क्या बनी रणनीति, कौन-कौन हुआ शामिल?

कांग्रेस नेता कपिल सिब्बल द्वारा आयोजित रात्रिभोज में एक दर्जन से ज्यादा दलों के शीर्ष नेताओं ने सोमवार को यहां मुलाकात की और उन्होंने 2022 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों और 2024 के आम चुनावों में विपक्षी दलों की एकता को मजबूत करने एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को हराने की अपनी प्रतिबद्धता को पुन: पुष्ट किया। लेकिन इस मुलाकात को लेकर और भी सियासी संकेत मिल रहे हैं। दरअसल, राहुल गांधी सोमवार को ही दो दिवसीय दौरे पर कश्मीर गए हैं और इस बीच ये डिनर हुआ है। वहीं डिनर देने वाले कपिल सिबल उस जी23 के सदस्य हैं जो कांग्रेस आलाकमान से असंतुष्ट बताए जाते हैं। उनके अलावा इस डिनर में जी23 के कई अहम सदस्य भी शामिल हुए। जिनमें गुलाम नबी आज़ाद, भूपिन्दर सिंह हुड्डा, आनंद शर्मा, मनीष तिवारी, शशि थरूर और संदीप दीक्षित के नाम प्रमुख हैं।

सिब्बल ने सोमवार को रात्रिभोज की मेजबानी की, जिसमें कांग्रेस प्रमुख सोनिया गांधी को संगठनात्मक सुधार के लिए पत्र लिखने वाले ‘जी-23’ के करीब सभी सदस्य मौजूद थे।

रात्रिभोज में आमंत्रित विपक्ष के एक नेता ने कहा, ‘‘एकता को और मजबूत करने के लिए ऐसी बैठकें और आयोजित की जानी चाहिए। हमें भाजपा को 2022 में पहले उत्तर प्रदेश में और फिर 2024 के आम चुनाव में हराना है।’’

बैठक के दौरान राजद (राष्ट्रीय जनता दल) के लालू प्रसाद यादव, राकांपा (राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी) सुप्रीमो शरद पवार, समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव और राम गोपाल यादव, माकपा (मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी) के सीताराम येचुरी, भाकपा (भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी) के डी. राजा, नेशनल कांफ्रेंस के उमर अब्दुल्ला और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम भी उपस्थित थे। शिवसेना के संजय राउत, आप (आम आदमी पार्टी) के संजय सिंह, तृणमूल कांग्रेस के नेता कल्याण बनर्जी और डेरेक ओ ब्रायन, बीजद (बीजू जनता दल) नेता पिनाकी मिश्रा और अमर पटनायक, द्रमुक (द्रविड़ मुनेत्र कषगम) के तिरुचि शिवा और टी के एलनगोवन, रालोद (राष्ट्रीय लोक दल) के जयंत चौधरी और टीआरएस (तेलंगाना राष्ट्र समिति) के नेता भी रात्रिभोज में शामिल हुए।

जो ‘जी-23 नेता रात्रिभोज में शामिल हुए, उनमें मेजबान सिब्बल के अलावा गुलाम नबी आजाद, भूपिंदर सिंह हुड्डा, आनंद शर्मा, मुकुल वासनिक, पृथ्वीराज चव्हाण, मनीष तिवारी और शशि थरूर शामिल थे।

शीर्ष विपक्षी नेताओं के साथ 'जी-23' के कांग्रेस नेताओं की यह पहली ऐसी मुलाकात है।

सूत्रों के अनुसार सिब्बल की शुरुआती टिप्पणी के बाद सभी नेताओं ने कहा कि उन्हें 2022 में उत्तर प्रदेश में और फिर 2024 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को हराने के लिए एक साथ आना होगा।

बैठक में एक नेता ने कहा, ‘‘हमें भाजपा के विरुद्ध मिलकर लड़ना चाहिए और एकजुट रहना चाहिए।’’ एक अन्य नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा ने "लोकतंत्र और सरकार पर नियंत्रण रखने वाली लोकतांत्रिक संस्थाओं को नष्ट कर दिया है।" उन्होंने कहा, "हमें भाजपा को हराना होगा और देश में लोकतंत्र बहाल करना होग।"

सूत्रों के मुताबिक नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने विशेष रूप से महामारी के दौरान और उसके बाद भी समाज के उत्पीड़ित और गरीब वर्गों के लिए ‘‘कुछ नहीं’’ किया है। विपक्षी नेताओं ने भी कांग्रेस को मजबूत करने के लिए जी- 23 नेताओं के समूह की कोशिशों की सराहना की।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad