कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कपिल सिब्बल ने कठुआ और उन्नाव रेप केस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा, ‘आप किसके लिए उपवास कर रहे है? यह जुमला अब ओवर हो गया है। अब लोग आपके मन की बात सुनना चाहते हैं।‘
गुरुवार को पूर्व केंद्रीय मंत्री कपिल सिब्बल ने कहा कि 'प्रधानमंत्री जी क्या आप देश को 'बेटी बचाओ' का संदेश दे रहे हैं या फिर 'बेटी छुपाओ' का।' उन्नाव रेप केस मामले में कपिल सिब्बल ने हमला बोलते हुए कहा कि आखिर इतना होने के बाद भी सरकार और प्रशासन आरोपी विधायक को क्यों नहीं गिरफ्तार कर रही है। कपिल सिब्बल ने कहा कि योगी जी उस शख्स के ऊपर से रेप का मुकदमा वापस लेना चाहते हैं, जिस पर सीरियस चार्ज है और जो पूर्व मंत्री भी रह चुके हैं।
कपिल सिब्बल ने कहा, ‘बलात्कार के मामले में भाजपा की सरकारें अव्वल हैं, जैसे एशियन गेम में गोल्ड मेडल मिल रहा हो, शर्म की बात है।‘ हरियाणा में भी रेप की घटनाओं में बढ़ोतरी को लेकर कपिल सिब्बल ने निशाना साधा। उन्होंने इसके लिए आंकड़े भी पेश किए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा महिलाओं के खिलाफ 11396 क्राइम के मामले सामने आए हैं। उत्तर प्रदेश में 11335 और मध्य प्रदेश में करीब 8 हजार मामले सामने आए। रेप की घटनाओं के मामले में मध्य प्रदेश सबसे ऊपर है। उसके बाद उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र का नंबर आता है। यहां भाजपा की ही सरकारें हैं। शर्म की बात है कि पहले की दिल्ली को रेप कैपिटल कहा जाता था लेकिन अब दुनिया में इंडिया रेप कैपटिल हो गई है।