Advertisement

गजनवी, गौरी और अंग्रेजों की तरह आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली को बेदर्दी से लूटा है: भाजपा सांसद

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) नीत...
गजनवी, गौरी और अंग्रेजों की तरह आम आदमी पार्टी की सरकार ने दिल्ली को बेदर्दी से लूटा है: भाजपा सांसद

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने सोमवार को दिल्ली की आम आदमी पार्टी (आप) नीत सरकार पर देश की राजधानी को विदेशी लुटेरों महमूद गजनवी, मोहम्मद गौरी, तैमूर लंग, अहमद शाह अब्दाली, नादिर शाह और अंग्रेज शासकों की तरह लूटने का आरोप लगाया। बिधूड़ी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा गत 31 जनवरी को संसद के संयुक्त सत्र में दिए गए अभिभाषण के लिए उनके प्रति लोकसभा में धन्यवाद प्रस्ताव पेश करते हुए अपने लगभग पूरे भाषण में आम आदमी पार्टी, उसके नेताओं और दिल्ली में पार्टी की सरकार पर निशाना साधा।

बिधूड़ी ने कहा, ‘‘आप सरकार ने दिल्ली को बेदर्दी से लूटा और बर्बाद किया है। महमूद गजनी, मोहम्मद गौरी, तैमूर लंग, अहमद शाह अब्दाली और नादिर शाह तथा अंग्रेजों ने भी दिल्ली को लूटा था। आप नेताओं ने भी बेदर्दी से इसे लूटा है।’’ उन्होंने अपने संसदीय क्षेत्र दक्षिण दिल्ली के बदरपुर में एक इको-पार्क के निर्माण और अन्य केंद्रीय योजनाओं का उल्लेख करते हुए यह भी कहा, ‘‘यह काम यदि इस धरती पर भगवान आ जाएं तब संभव है या यह चमत्कार प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही दिल्ली की धरती पर कर सकते हैं।’’

बिधूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन में किसानों के प्रति गहरा लगाव है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की किसान सम्मान निधि योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में लगातार वृद्धि, 332 अरब टन रिकॉर्ड अनाज उत्पादन और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न सम्मान दिए जाने के फैसलों में यह स्पष्ट नजर आता है। उन्होंने दिल्ली सरकार पर केंद्र की पीएम आवास योजना, आयुष्मान योजना, पीएम विश्वकर्मा योजना और अन्य कुछ केंद्रीय योजनाओं को लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि यदि आठ फरवरी को दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम के बाद भाजपा की सरकार बनी तो इन सभी योजनाओं को लागू किया जाएगा और दिल्ली की ‘बदहाल स्थिति’ को सुधारा जाएगा।

उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने राजधानी में झुग्गी झोपड़ी वासियों के लिए ‘जहां झुग्गी वहीं मकान’ योजना के तहत सात लाख फ्लैट बनाने का फैसला किया है जिनका बाजार मूल्य 40 लाख रुपये है। बिधूड़ी ने आरोप लगाया, ‘‘आप सरकार ने झुग्गी वासियों को उजाड़ा, लेकिन एक को भी पुनर्वास के लिए फ्लैट नहीं दिया। इसके बजाय पूर्व मुख्यमंत्री (अरविंद केजरीवाल) ने अपने रहने के लिए 179 करोड़ रुपये खर्च करके बिना नक्शा पास कराए शीश महल बनवाया।’’

उन्होंने दावा किया कि इस घर को बनवाने के लिए 21 अधिकारियों के फ्लैट तोड़ दिए गए, दिल्ली के गृह सचिव और डीडीए उपाध्यक्ष के बंगलों को दिल्ली के मुख्यमंत्री आवास में मिला लिया गया। बिधूड़ी ने कहा, ‘‘बिना निविदा निकाले इसका निर्माण कराया गया। भ्रष्टाचार का इससे बड़ा उदाहरण नहीं मिलेगा।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad