Advertisement

मध्यप्रदेश: सीएम शिवराज बोले, कांग्रेस ने गरीबी का किया अपमान, प्रदेश की जनता नहीं करेगी माफ

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता द्वारा गरीबी को लेकर की गयी आपत्तिजनक...
मध्यप्रदेश: सीएम शिवराज बोले, कांग्रेस ने गरीबी का किया अपमान, प्रदेश की जनता नहीं करेगी माफ

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस नेता द्वारा गरीबी को लेकर की गयी आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर कांग्रेस के नेताओं पर निशाना साधते हुए आज कहा कि उन्हें उनकी (कांग्रेस) की इस टिप्पणी से कोई आपत्ति नहीं हैं, लेकिन इस तरह के शब्दों का प्रयोग कर कांग्रेस ने गरीबी का अपमान किया है।

चौहान ने प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा के साथ यहां एक संयुक्त पत्रकार वार्ता में कहा कि यह जनता का अपमान है, गरीबों का अपमान है, किसानों का अपमान है। प्रदेश की 7.5 करोड़ जनता आने वाले चुनाव में अपने इस अपमान का जवाब कांग्रेस को देगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हम चुनाव को चुनाव की तरह लेते हैं, लेकिन पता नहीं हमारे कांग्रेस के मित्रों को क्या हो गया है। वे गरीबों का अपमान करने लगते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि जनता की सेवा के लिए गरीब भी बनना पड़े तो मंजूर है। उन्होंने कहा कि हमें गरीब बताना कांग्रेस के अंदर के भाव हैं, उनकी संस्कृति हैं, जिसका ये प्रकटीकरण है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लोग कहते हैं, मै नारियल लेकर चलता हूं। मुझे तो याद नहीं है कि मैं कब जेब में नारियल रखता था। वास्तव में उन्हें नारियल से नहीं, भाजपा सरकार द्वारा किए जा रहे विकास पर आपत्ति है।

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि हमने कोरोना काल में भी विकास के कार्यों को रूकने नहीं दिया। उन्होंने कहा कि नारियल हमारी संस्कृति है। हम तो जनता को ही भगवान मानते हैं। अब कांग्रेस को जनता को प्रणाम करने पर भी आपत्ति है। वे कहते कि श्री चौहान ने घूटने टेक दिए हैं, लेकिन लोकतंत्र में जनता ही सर्वोपरि है। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी जनता को झुककर प्रणाम करते हैं। हम भी उसी राह पर चलने वाले लोग हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के नेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने कहा था कि गरीबों की सेवा ही भगवान की पूजा है। हमारे प्रधानमंत्री श्री मोदी भी उसी राह पर चल रहे हैं और हम भी उसी मार्ग पर चल रहे हैं। उन्होंने कहा कि भगवान ने किसी को गरीब नहीं बनाया। उन्होंने कहा कि धरती के संसाधनों पर पहला हक गरीबों का ही है और उनका ये अधिकार हम हर कीमत पर दिलाकर रहेंगे।

शर्मा ने भी पत्रकारों को संबोधित किया और कहा कि भाजपा की सरकार इसलिए नहीं बनी कि किसी को मंत्री या मुख्यमंत्री बनना था। ये सरकार प्रदेश की जनता को, गरीबों को, किसानों को बचाने के लिए बनी है। 15 महीनों में कांग्रेस ने प्रदेश को बर्बाद कर दिया था। श्री शर्मा ने कहा कि आने वाला चुनाव प्रदेश को बचाने का चुनाव है। यह इस बात को तय करने का चुनाव है कि जनता को कैसा नेता चाहिए।

शर्मा ने कहा कि जब किसी गरीब किसान का बेटा मुख्यमंत्री बनता है, तो कांग्रेस के लोग उसके खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हैं। ये प्रदेश की 7.5 करोड़ जनता, गरीबों, किसानों का अपमान है। उन्होंने कहा कि क्या गरीब किसान का बेटा होना, जनता के काम करना अपराध है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad