Advertisement

नामांकन के आखिरी दिन ट्विस्ट, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर होने के बाद से कांग्रेस...
नामांकन के आखिरी दिन ट्विस्ट, कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव में मल्लिकार्जुन खड़गे की एंट्री

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद की दौड़ से बाहर होने के बाद से कांग्रेस पार्टी में अध्यक्ष पद को लेकर मुकाबला और दिलचस्प हो गया है। अब तक इस पद के लिए दिग्विजय सिंह और शशि थरूर का ही नाम चल रहा था लेकिन अब मल्लिकार्जुन खड़गे की भी एंट्री हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे भी आज नामांकन दाखिल कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने गुरुवार रात को सोनिया गांधी से भी मुलाकात की है। मल्लिकार्जुन खड़गे कर्नाटक से आते हैं और दलित नेता हैं, इसलिए उन्हें कांग्रेस आलाकमान का पसंदीदा चेहरा माना जा रहा है। पूर्व केंद्रीय मंत्री और गांधी परिवार के भरोसेमंद खड़गे का नाम पहले भी चर्चा में था।

बता दें कि खड़गे गांधी परिवार के करीबी हैं। खड़गे का राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) अध्यक्ष शरद पवार और माकपा महासचिव सीताराम येचुरी जैसे विपक्ष के नेताओं के साथ अच्छे संबंध हैं। हिंदीभाषी क्षेत्रों में भी उनकी हिंदी के लिये लोग उन्हें पसंद करते हैं।

फिलहाल इस रेस में शामिल दिग्गज कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह को लेकर कई तरह की संभावनाएं जताई जा रही हैं, वह इस रेस में शामिल रहेंगे या फिर अपना नाम वापस लेंगे। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन भरने से पहले पार्टी नेता दिग्विजय सिंह ने शुक्रवार को मल्लिकार्जुन खड़गे और के सी वेणुगोपाल से मुलाकात की। सिंह ने गुरुवार को पार्टी अध्यक्ष चुनाव के लिए नामांकन पत्र एकत्र किया था।

सिंह ने गुरुवार को शशि थरूर से मुलाकात की थी जिसके बाद उन्होंने कहा था, “उनकी प्रतिद्वंद्वियों से नहीं बल्कि सहयोगियों से एक दोस्ताना मुकाबला है।” तिरुवनंतपुरम के सांसद शशि थरूर भी आज (शुक्रवार) को अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।

ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी(एआईसीसी) मुख्यालय में पार्टी के नेता सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच अपना नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। चुनाव के लिए मतदान 17 अक्टूबर को होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad