Advertisement

मुख्तार अंसारी बोले, मनोज सिन्हा करा सकते हैं मेरी हत्या

मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी ने रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह (मनोज सिन्हा) डॉन ब्रजेश सिंह के साथ मिलकर उनकी हत्या करा सकते हैं। अंसारी ने कहा कि मनोज सिन्हा, ब्रजेश सिंह और उनके भाई मेरे राजनीतिक दुश्मन हैं।
मुख्तार अंसारी बोले, मनोज सिन्हा करा सकते हैं मेरी हत्या

लखनऊ से आगरा जेल शिफ्ट किए जाने की खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्तार अंसारी ने कहा कि सभी सरकारों ने परेशान करने के लिए मेरा ट्रांसफर किया है। यह सब बदले की भावना से किया जाता है। मनोज सिन्हा, ब्रजेश सिंह और उनके भाई ने साजिश के तहत मेरा ट्रांसफर आगरा कराया है, ताकि कोर्ट आते-जाते समय रास्ते में मेरी हत्या कराई जा सके।'

गौरतलब है कि हत्या के अलावा कई जघन्य अपराधों के मामले में जेल में बंद अंसारी को गत वर्ष उनकी पार्टी कौमी एकता दल का तत्कालीन सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी में विलय की घोषणा के बाद लखनऊ जेल में शिफ्ट किया गया था। एसपी में टिकट नहीं मिलने के बाद बीएसपी में शामिल हुए अंसारी ने हाल में संपन्न विधानसभा चुनाव में मऊ सीट से जीत हासिल की थी।

अंसारी ने कहा, मैं ट्रांसफर के मामले को लेकर हाई कोर्ट और सुप्रीम कोर्ट जाऊंगा। राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भी लिखूंगा। मुख्यमंत्री जहां चाहें मेरा ट्रांसफर करा दें, लेकिन मेरी सुरक्षा भी उनकी जिम्मेदारी है। वह मेरी सुरक्षा पर ध्यान दें।'

कारागार प्रशासन ने मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी को लखनऊ जिला कारागार से आगरा सेंट्रल जेल भेजने का आदेश तो जारी कर दिया, लेकिन  सरकार को यह कदम रास नहीं आया। जिसके बाद सरकार ने बुधवार को आगरा जेल भेजने का आदेश निरस्त करते हुए फिर उनकी जेल बदल दी गई। अब उन्हें बांदा जेल भेजने का फरमान जारी हुआ है। इसके साथ ही 27 अपराधियों की भी जेल बदली गई है।  

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad