Advertisement

भाजपा ने कुलदीप सेंगर को पार्टी से निकाला, उन्राव रेप पीड़िता मामले में आलोचना के बाद कार्रवाई

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्नाव रेप केस के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को आखिरकार पार्टी से...
भाजपा ने कुलदीप सेंगर को पार्टी से निकाला, उन्राव रेप पीड़िता मामले में आलोचना के बाद कार्रवाई

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उन्नाव रेप केस के आरोपी विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को आखिरकार पार्टी से निकाल दिया है। हालांकि अभी पार्टी की तरफ से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया गया है। इससे पहले कुलदीप सिंह को बीजेपी ने निलंबित किया था, लेकिन माना जा रहा है कि रेप पीड़िता के साथ हुए सड़क हादसे के बाद चौतरफा आलोचना झेल रही पार्टी ने दबाव में यह फैसला लिया है। हादसे के बाद से लगातार पीड़िता के परिजन यह आरोप लगा रहे हैं कि सेंगर और उसके सहयोगियों ने साजिश के तहत एक्सीडेंट करवाया है। 

सुप्रीम कोर्ट ने मामले को उत्तर प्रदेश से दिल्ली ट्रांसफर किया

उन्नाव गैंगरेप केस में सुप्रीम कोर्ट ने सभी मामलों को उत्तर प्रदेश से दिल्ली ट्रांसफर करने का आदेश दिया है। देश की शीर्ष अदालत के मुख्य न्यायाधीश ने इस मामले में अब तक हुई जांच और रायबरेली में इसी हफ्ते हुई सड़क दुर्घटना को लेकर पूरी जानकारी मांगी है।

बसपा, सपा के बाद भाजपा का दामन थामा

कुलदीप पहली बार 2002 में बसपा के टिकट पर उन्नाव सदर सीट से विधायक चुना गया था। इसके बाद 2007 में इसी जिले की बांगरमऊ और 2012 में भगवंतनगर सीट से सपा का विधायक रहा। 2017 में विधानसभा चुनाव के ठीक पहले कुलदीप ने भाजपा का दामन थाम लिया। बीते 17 सालों से विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का इलाके में खास दबदबा है। यही वजह रही कि लोकसभा चुनाव जीतने के बाद खुद साक्षी महाराज जेल में उससे मिलने पहुंचे थे।

भाजपा की सफाई

इससे पहले उत्तर प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने रायबरेली में उन्नाव रेप पीड़िता के सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने को बेहद दु:खद बताया था। साथ ही, स्वतंत्र देव सिंह ने बताया था कि मेरी पूर्व अध्यक्ष से भी बात हुई है। पार्टी कुलदीप सेंगर को कभी बचाने के पक्ष में नही रही है। पार्टी पहले ही कुलदीप सेंगर को पार्टी से निलंबित कर चुकी है और वह निलंबित चल रहे हैं।

परिजनों ने सीजेआई को लिखी थी चिट्ठी

पीड़िता के कार दुर्घटना में बुरी तरह जख्मी होने से कुछ दिन पहले ही उसके परिजनों ने प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई को पत्र लिखकर इस मामले के आरोपियों द्वारा कथित रूप से धमकी दिए जाने और उनसे अपनी जान को खतरा होने की आशंका व्यक्त की थी।

सुप्रीम कोर्ट के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि पीड़िता के परिजनों द्वारा हिन्दी में लिखा गया यह पत्र प्रधान न्यायाधीश के कार्यालय में प्राप्त हुआ था। प्रधान न्यायाधीश ने सेक्रेटरी जनरल को इस पत्र के आधार पर एक नोट तैयार कर पेश करने का आदेश दिया है। लखनऊ में केजीएमयू ट्रामा सेंटर के डॉक्टरों के मुताबिक, 19 वर्षीया दुष्कर्म पीड़िता अभी भी वेंटिलेटर पर है। मंगलवार रात उसकी हालत को ‘स्थिर’ बताया गया। वकील भी वेंटिलेटर पर हैं।

पीड़िता की हालत गंभीर

रायबरेली सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई उन्नाव बलात्कार पीड़िता की स्थिति अब भी गंभीर बनी हुई है। वहीं, पीड़िता के वकील की हालत स्थिर बताई जा रही है। पीड़िता अब भी वेंटीलेटर पर है। किंग जार्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी के ट्रामा सेंटर प्रभारी डॉ संदीप तिवारी ने मंगलवार रात बताया कि ''पीड़िता को मल्टीप्ल फ्रैक्चर है, साथ ही सीने में भी चोट है। उसका सीटी स्कैन कराया गया है। सिर में कोई चोट होने का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। पीडि़ता की हालत स्थिर है और डाक्टरों की टीम 24 घंटे उसकी निगरानी कर रही है। अब भी वह वेंटीलेटर पर है।'' उन्होंने बताया कि हादसे में घायल वकील महेंद्र सिंह को आज दिन में कुछ देर के लिए वेंटीलेटर से हटाया गया था, इस दौरान उनकी हालत स्थिर रही। बाद में फिर उन्हें वेंटीलेटर पर डाल दिया गया।

क्या है मामला?

भाजपा के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर ने 19 वर्षीय इस महिला से करीब दो साल पहले उन्नाव में अपने आवास पर कथित रूप से बलात्कार किया था। यह महिला रविवार को रायबरेली में अपनी कार के साथ एक तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर में बुरी तरह जख्मी हो गयी जबकि उसके परिवार के दो सदस्यों की इस हादसे में मृत्यु हो गयी थी। महिला के परिवार ने इस कार दुर्घटना के पीछे साजिश का आरोप लगाते हुये शिकायत दर्ज करायी है। कार दुर्घटना के एक दिन बाद दर्ज प्राथिमकी में भाजपा विधायक, उसके भाई मनोज सिंह सेंगर, विनोद मिश्रा, हरिपाल सिंह, नवीन सिंह, कोमल सिंह, अरूण सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह, रिंकू सिंह और अवधेश सिंह को आरोपी के रूप में नामजद किया गया है। इस बलात्कार कांड में उप्र के बांगड़मउ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा के चार बार के विधायक कुलदीप सिंह सेंगर आरोपी हैं और उन्हें पिछले साल अप्रैल में गिरफ्तार किया गया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad