Advertisement

काले धन के लिए छोटे व्यापारियों पर निशाना साध रही है मोदी सरकार: दिग्विजय

कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को आरोप लगाया कि केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार काला धन बाहर निकालने के नाम पर छोटे व्यापारियों और कारोबारियों पर निशाना साध रही है।
काले धन के लिए छोटे व्यापारियों पर निशाना साध रही है मोदी सरकार: दिग्विजय

कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह ने पणजी में पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा, आपने माफी योजना जारी की है (घरेलू काला धन घोषित करने के लिए)। लोग आ रहे हैं, लोगों को पहचानो, जिनके पास हजारों करोड़ रुपये का काला धन है। आप छोटे व्यापारियों और व्यावसायियों पर निशाना साध रहे हो, यह बंद होना चाहिए। हमें इन लोगों को बचाने के लिए खड़ा होना चाहिए। सिंह ने दावा किया, आज देश में ज्यादातर कारोबारी नरेंद्र मोदी से नाराज हैं। उन्होंने कहा, मोदी जी ने व्यावसायियों को छूट और रियायत देने का वादा किया था लेकिन अर्थव्यवस्था में वृद्धि नहीं हो रही है। छापे मारे जा रहे हैं और कांग्रेस के लोगों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा, उन्होंने काला धन घोषित करने के लिए 30 सितंबर आखिरी तिथि तय की है। लोगों को काला धन घोषित करने के लिए देशभर में 9,00,000 नोटिस जारी किए हैं। सिंह ने कहा, कई लोगों ने मुझसे बात की है, पूछ रहे हैं कि क्या करें। जब पी. चिदंबरम वित्त मंत्री थे, उस समय माफी योजना के तहत 30,000 करोड़ रुपये खजाने में आए थे।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने पार्टी के लिए आगामी विधानसभा चुनावों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि पंजाब, उत्तर प्रदेश और गोवा में अगले साल होने वाले चुनाव पार्टी के लिए बड़ी चुनौती हैं तथा ये चुनाव भाजपा एवं आप के खिलाफ युद्ध छेड़ने जैसा है। सिंह ने कहा, हमें कार्यकर्ताओं को उत्साहित करना होगा। हतोत्साहित पार्टी चुनाव नहीं लड़ सकती। यह हमारे लिए युद्ध है। उन्होंने कहा, तीनों प्रदेशों का चुनाव कांग्रेस के समक्ष बड़ी चुनौती है और हमें एकजुट होकर भाजपा और आप से लड़ना होगा। आप पर भाजपा को सहयोग देने के लिए चुनाव लड़ने का आरोप लगाते हुए सिंह ने कहा, नितिन गडकरी ने माना है कि आप कांग्रेस के वोट खा जाएगी। हम शुरूआत से यह बात कहते आ रहे हैं। अगर इस देश में कोई गठबंधन है तो वो भाजपा और आप के बीच है। वे एक सिक्के के दो पहलू हैं। सिंह ने कहा, अरविंद केजरीवाल भाजपा और आरएसएस के थिंकटैंक विवेकानंद इंटरनेशनल फाउंडेशन की उत्पत्ति हैं और वह सिर्फ कांग्रेस को निशाना बना रहे हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad