Advertisement

पीएम मोदी के बयानों पर बोले कपिल सिब्बल, ‘देश ने इंदिरा-राजीव गांधी को भारत के लिए खून बहाते देखा है’

कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अपने आखिरी दौर में हैं। चुनाव प्रचार में...
पीएम मोदी के बयानों पर बोले कपिल सिब्बल, ‘देश ने इंदिरा-राजीव गांधी को भारत के लिए खून बहाते देखा है’

कर्नाटक में 10 मई को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार अपने आखिरी दौर में हैं। चुनाव प्रचार में राजनीतिक पार्टियां एक दूसरे पर हमला बोलने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रही हैं। इस बीच राज्यसभा सदस्य कपिल सिब्बल लगातार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर हमला बोल रहे हैं। अब सोमवार को सिब्बल ने प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस पर ‘‘शाही परिवार’’ के कटाक्ष को लेकर बयान दिया है। कपिल सिब्बल ने निशाना साधते हुए पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का उदाहरण दिया और कहा कि लोगों ने उन्हें भारत के लिए "खून बहाते" देखा है।

सोमवार को अपने एक ट्वीट में सिब्बल ने कहा, "प्रधानमंत्री ने कहा: कांग्रेस शाही परिवार चाहता है कि कर्नाटक भारत से 'अलग' हो जाए। लेकिन मोदीजी: देश ने इंदिरा गांधी, राजीव गांधी को भारत के लिए 'खून' बहाते देखा है। क्या एनसीईआरटी पाठ्यपुस्तकों से उन तथ्यों को मिटाने जा रही है?"

गौरतलब है कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी दोनों की क्रमशः 1984 और 1991 में हत्या कर दी गई थी। कपिल सिब्बल की बात करें तो उन्होंने पिछले साल मई में कांग्रेस छोड़ दी थी और समाजवादी पार्टी के समर्थन से एक स्वतंत्र सदस्य के रूप में राज्यसभा के लिए चुने गए थे। ज्ञात हो कि वह पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार में केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं। उन्होंने हाल ही में अन्याय से लड़ने के उद्देश्य से एक गैर-चुनावी मंच 'इंसाफ' शुरू किया।

इधर, रविवार को कर्नाटक में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि इस कर्नाटक चुनाव में कांग्रेस का 'शाही परिवार' 'सभी मर्यादाओं को लांघकर, देश की भावनाओं को कुचल कर एक कदम आगे बढ़ गया है। कर्नाटक ही नहीं, मैं बहुत दर्द के साथ पूरे देश को यह बताना चाहता हूं कि इस चुनाव में कांग्रेस का शाही परिवार कल कर्नाटक आया और कहा कि वे कर्नाटक की संप्रभुता की रक्षा करना चाहते हैं।

उन्होंने आगे कहा, "कर्नाटक की संप्रभुता, आप जानते हैं कि इसका क्या अर्थ है? वे इतने वर्षों तक संसद में बैठे हैं, उन्होंने भारत के संविधान की शपथ ली है, और वे ऐसा कहते हैं। जब कोई देश स्वतंत्र हो जाता है, तभी वह देश संप्रभु कहलाता है।" कांग्रेस के कहने का अर्थ यह है कि कांग्रेस का मानना है कि कर्नाटक भारत से अलग है।" इस बयान के बाद ही सिब्बल का ट्वीट आया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad