Advertisement

जामिया फायरिंग पर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा, कहा- चुनाव के लिए फैला रही है नफरत

दिल्ली के जामिया क्षेत्र में गुरुवार को फायरिंग की घटना को लेकर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर निशाना...
जामिया फायरिंग पर विपक्ष ने मोदी सरकार को घेरा, कहा- चुनाव के लिए फैला रही है नफरत

दिल्ली के जामिया क्षेत्र में गुरुवार को फायरिंग की घटना को लेकर विपक्षी दलों ने मोदी सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि जिस घृणा ने बापू को मारा था, वही नफरत आज भारत पर राज कर रही है। वहीं, आप ने आरोप लगाया कि भाजपा हार के डर से दिल्ली का चुनाव स्थगित करना चाहती है इसलिए इनके नेता भड़काऊ भाषण देकर दिल्ली का माहौल लगातार खराब कर रहे है। जामिया में हुआ हमला भी इसी का नतीजा है।

एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस सांसद और प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा कि जामिया में गोलीबारी की घटना जहां घटी, वह नफरत का नतीजा है जो पिछले एक महीने से देश में पैदा हुई है। दिल्ली के चुनाव प्रचार में भाजपा नेताओं के बयान आग में घी डाल रहे हैं। एक सुनियोजित तरीके से इस मुल्क में, खासकर दिल्ली में ध्रुवीकरण करने की कोशिश जिम्मेदार लोगों द्वारा की जा रही है।

ये सब होना मुमकिनः प्रियंका गांधी

प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, ''जब भाजपा सरकार के मंत्री और नेता लोगों को गोली मारने के लिए उकसाएँगे, भड़काऊ भाषण देंगे तब ये सब होना मुमकिन है. प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए कि वे कैसी दिल्ली बनाना चाहते हैं? वे हिंसा के साथ खड़े हैं या अहिंसा के साथ? वे विकास के साथ खड़े हैं या अराजकता के साथ?''

चुनाव स्थगित करानी चाहती है भाजपाः आप

आप सासंद संजय सिंह ने कहा कि देश के गृहमंत्री गृह मंत्री भड़काऊ भाषण देने के लिए उकसाते हैं। अमित शाह दिल्ली में दंगा फसाद कराने की बड़ी साजिश रच रहे हैं। वो दिल्ली का चुनाव टालना चाहते हैं। जब से अमित शाह गृह मंत्री बने हैं तब से दिल्ली की कानून व्यवस्था बद से बदतर होती जा रही है। गृह मंत्री की पूरी साजिश अरविंद केजरीवाल सरकार को हटाने की है।

'गृहमंत्री ने पुलिस के हाथ बांध दिए हैं'

उन्होंने कहा कि दिल्ली पुलिस की बड़ी संख्या के बावजूद कोई व्यक्ति पिस्तौल लहराकर गोली चला देता है। दिल्ली पुलिस के हाथ अमित शाह ने बांध दिए हैं, वरना पुलिस कार्रवाई करती। पुलिस के सामने यह घटना देश की राजधानी में हो रही है। जिस देश का गृह मंत्री फर्जी वीडियो डालकर शिक्षकों को बदनाम करेगा। उसके रहते यही घटनाएं होंगी, जो चिंताजनक है। भाजपा चुनाव टालने के लिए लगातार माहौल बिगाड़ने में लगी हैं।

भाजपा नेताओं के भड़काऊ बयानों का नतीजाः सीपीआई

सीपीआई के महासचिव डी राजा नेकहा कि जामिया मिल्लिया इस्लामिया में फायरिंग की घटना दिल्ली विधानसभा चुनावों के लिए चुनाव प्रचार करते समय भाजपा नेताओं द्वारा की गई अभद्र टिप्पणियों का 'प्रत्यक्ष परिणाम' है। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि ऐसी घटना महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर हुई है। भाजपा नेता अनुराग ठाकुर को उनकी टिप्पणी के लिए गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

ओवैसी ने दिल्ली पुलिस पर साधा निशाना

ओवैसी ने ट्वीट किया, ''ये घटना आज तब हुई जब हम लोग महात्मा गांधी के हत्यारे आतंकी गोडसे को याद कर रहे हैं। जब छात्र इसको लेकर एक मार्च पर जा रहे थे। ऐसी कायरता हमें डराती नहीं है। विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। ये अब गोडसे बनाम गांधी, आंबेडकर और नेहरू के भारत के बीच है। एक पक्ष को चुनना आसान है।'' दिल्ली पुलिस पर निशाना साधते हुए असदुद्दीन ओवैसी ने ट्वीट किया,”दिल्ली पुलिस ने जो हिम्मत पिछले महीने जामिया में दिखाई थी उसका क्या हुआ। क्या आप बता सकते हैं कि एक गोली लगे पीड़ित को बैरीकेड पर क्यों चढ़ना पड़ा। क्या आपके सेवा नियम आपको मानवीय होने से रोकते हैं?''

हमलावर ने कहा- किसको चाहिए आजादी

बता दें कि दिल्ली के जामिया क्षेत्र में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में प्रदर्शन के दौरान जामिया मिलिया इस्लामिया यूनीवर्सिटी के छात्र को एक व्यक्ति ने गोली मार दी। गोली से छात्र की कलाई जख्मी हो गई। इस घटना के सामने आए वीडियो में गोपाल नाम का यह व्यक्ति पिस्तौल लहराता दिखाई दे रहा है। वह व्यक्ति यह कहता सुनाई देता है कि किसको चाहिए आजादी। हम देंगे आजादी। यह लो आजादी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad