Advertisement

अब कांग्रेस का ट्विटर अकाउंट लॉक, पार्टी बोली- हम क्या खाक डरेंगे

राहुल गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के बाद अब ट्विटर ने कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर...
अब कांग्रेस का ट्विटर अकाउंट लॉक, पार्टी बोली- हम क्या खाक डरेंगे

राहुल गांधी और कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं के बाद अब ट्विटर ने कांग्रेस के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट को लॉक कर दिया है। कांग्रेस ने गुरुवार को आरोप लगाया कि ट्विटर ने कांग्रेस के आधिकारिक हैंडल @INCIndia को लॉक कर दिया है।

इस बात की जानकारी पार्टी ने अपने फेसबुक पेज के जरिए दी है। माना जा रहा है कि ट्विटर ने नियमों के उल्लंघन को लेकर यह कार्रवाई की है। इससे पहले इसी तरह की कार्रवाई सोशल मीडिया कंपनी राहुल गांधी समेत कई कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध कर चुकी है।

कांग्रेस ने अपने फेसबुक पेज पर लॉक किए गए ट्विटर अकाउंट का स्क्रीनशॉट लेकर शेयर किया है और लिखा है, 'जब हमारे नेताओं को जेलों में बंद कर दिया गया, हम तब नहीं डरे तो अब ट्विटर अकाउंट बंद करने से क्या ख़ाक डरेंगे। हम कांग्रेस हैं, जनता का संदेश है, हम लड़ेंगे, लड़ते रहेंगे। अगर बलात्कार पीड़िता बच्ची को न्याय दिलाने के लिए आवाज उठाना अपराध है, तो ये अपराध हम सौ बार करेंगे। जय हिंद...सत्यमेव जयते।'

कांग्रेस के सोशल मीडिया प्रमुख रोहन गुप्ता ने कहा कि ट्विटर सरकार के दबाव में काम कर रहा है। इसने भारत में हमारे नेताओं और कार्यकर्ताओं के 5,000 खातों को पहले ही ब्लॉक कर दिया है। उन्हें यह समझने की जरूरत है कि ट्विटर या सरकार द्वारा हम पर दबाव नहीं डाला जा सकता। 

बता दें कि इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार देर रात दावा किया कि रणदीप सुरजेवाला समेत पांच वरिष्ठ नेताओं के अकाउंट के खिलाफ भी इसी तरह की कार्रवाई की गई है। पार्टी ने कहा था कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन, लोकसभा में पार्टी के सचेतक मनिकम टैगोर, असम प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह तथा महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव के ट्विटर अकाउंट निलंबित कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने पिछले सप्ताह दिल्ली में कथित बलात्कार और हत्या की शिकार 9 वर्षीय बच्ची के परिवार के साथ की तस्वीरें ट्वीट की थीं। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने राहुल गांधी के ट्वीट का संज्ञान लिया और ट्विटर को नाबालिग पीड़िता की निजता का उल्लंघन करने के लिए कांग्रेस नेता के अकाउंट के विरुद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad