प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग को उनके 57वें जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, "सिक्किम के मुख्यमंत्री श्री प्रेम सिंह तमांग गोलय जी को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें स्वस्थ और दीर्घायु बनाएं।"
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी 'एक्स' पर पोस्ट कर उन्हें बधाई दी। शाह ने पोस्ट में लिखा, "सिक्किम के मुख्यमंत्री श्री तमांग जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। आप हमेशा स्वस्थ रहें और लोगों की सेवा करते रहें।"
कई केंद्रीय मंत्रियों और विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी सिक्किम के मुख्यमंत्री को उनके जन्मदिन पर शुभकामनाएं दीं।
मुख्यमंत्री तमांग ने प्रधानमंत्री और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, "सम्माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी, शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। आपके दूरदर्शी नेतृत्व ने हमारे राष्ट्र को उल्लेखनीय उपलब्धियों तक पहुंचाया है और हमें आपका मार्गदर्शन प्राप्त होना वास्तव में सौभाग्य की बात है।"
सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी अपनी पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष को उनके 57वें जन्मदिन पर बधाई दी और उनके अच्छे स्वास्थ्य और सफलता की कामना की।