प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने गृह राज्य गुजरात के आणंद में एक रैली को संबोधित किया। कांग्रेस के मैनिफेस्टो पर सवाल उठाते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस देश के मध्यम वर्ग को लालची मानती है क्योंकि उसके 50 पन्नों के मैनिफेस्टो में एक बार भी 'मिडिल क्लास' शब्द नहीं है। पीएम मोदी ने यह भी कहा कि कांग्रेस को मिडल क्लास के लोगों की चिंता नहीं है।
'कांग्रेस सरदार पटेल के विचारों को रौंद रही है'
सरदार पटेल के बहाने कांग्रेस को घेरते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सरदार पटेल का अपमान हमेशा किया और अब वह सरदार पटेल के संस्कारों, और विचारों को रौंदने का प्रयास कर रही है। मोदी ने कहा, 'कांग्रेस ने अपने ढकोसला पत्र में लिखा है कि वे राष्ट्रद्रोह का कानून हटाएंगे, जिससे पत्थरबाज मजबूत हों, टुकड़े-टुकड़े गैंग देश को तोड़ने की साजिशें आसानी से कर पाएं। सरदार पटेल ने देश के एकीकरण के लिए जीवन लगा दिया और कांग्रेस अलगाववादियों को गले लगाने के लिए बेचैन है।'
'कांग्रेस के रागदरबारी निभा रहे हैं अपना फर्ज'
काले धन के मुद्दे पर बोलते हुए मोदी ने कहा, '2014 में हमारी सरकार बनने के बाद ऐसे सभी संगठनों को जो विदेशों से पैसे लाते हैं, उनसे जब सवाल पूछे कि पैसे कहां से लाते हो? 20 हजार संगठन ऐसे निकले, जिन्होंने कोई जवाब ही नहीं दिया। मैंने उन पर कानून को मजबूती से लागू किया। दशकों तक कांग्रेस ने देश को अपने ही तरीके से चलाया है। अपने शासन में उसने भरपूर मलाई खाई और अपने रागदरबारियों को भी खिलाई। अब कांग्रेस सत्ता में नहीं है, तब भी रागदरबारी अपना फर्ज निभा रहे हैं।'