Advertisement

राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रयागराज सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर व्यक्त किया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर शनिवार...
राष्ट्रपति मुर्मू ने प्रयागराज सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर व्यक्त किया शोक

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर शनिवार को शोक व्यक्त किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले में मेजा पुलिस थाना अंतर्गत प्रयागराज-मिर्जापुर राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बस और एक एसयूवी की आमने-सामने की टक्कर होने से एसयूवी में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई।

राष्ट्रपति मुर्मू ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मिर्जापुर राजमार्ग पर हुई सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मौत होने का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त करती हूं। मैं घायल हुए सभी लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’’

बता दें कि प्रयागराज जिले में यमुना नगर के मेजा थाना अंतर्गत राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक बस और एक एसयूवी की आमने- सामने की टक्कर होने से 10 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (यमुना नगर) विवेक चंद्र यादव ने बताया कि शुक्रवार देर रात छत्तीसगढ़ के कोरबा से श्रद्धालु एसयूवी से महाकुंभ में स्नान करने आ रहे थे लेकिन तभी राजमार्ग पर प्रयागराज की तरफ से जा रही एक बस से उसकी आमने-सामने की टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में एसयूवी में सवार सभी 10 लोगों की मौत हो गई और बस में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि बस में भी श्रद्धालु ही सवार थे।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad