Advertisement

फोन टैपिंग पर प्रियंका गांधी बोलीं- मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी किये जा रहे हैं हैक, सरकार के पास कोई काम नहीं

यूपी में इस समय फोन टैपिंग का मामला गरमाया हुआ है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया था कि यूपी सरकार...
फोन टैपिंग पर प्रियंका गांधी बोलीं- मेरे बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट भी किये जा रहे हैं हैक, सरकार के पास कोई काम नहीं

यूपी में इस समय फोन टैपिंग का मामला गरमाया हुआ है। पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने दावा किया था कि यूपी सरकार उनके फोन टैप करती है और योगी बातचीत को सुनते हैं। अब कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने यूपी सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा है कि उनके बच्चों के इंस्टाग्राम अकाउंट तक हैक किए गए हैं। सरकार के पास कोई काम नहीं है क्या?

प्रियंका ने प्रयागराज में चल रहे महिला सशक्तिकरण सम्मेलन को लेकर भी बीजेपी पर हमला बोला। प्रियंका ने कहा, 'मैंने यूपी की महिलाओं से कहा था कि अपनी शक्ति को पहचानो। आज देश के पीएम नरेन्द्र मोदी समझ गए हैं कि महिला खड़ी हो रही है।' उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि इस तरह की घोषणाएं 5 सालों से क्यों नहीं कीं? आज चुनाव आया है तो ऐसी घोषणाएं क्यों हो रही हैं? आज बहुत खुश हूं कि नरेन्द्र मोदी को देश की महिलाओं के आगे झुकना पड़ा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के अभियान, लड़की हूं, लड़ सकती हूं, की वजह से प्रधानमंत्री को महिलाओं के लिए काम करना पड़ रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रयागराज में 16 लाख महिलाओं को कैश स्कीम की सौगात दी। पीएम मोदी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं के  बैंक खाते में एक हजार करोड़ रुपए ट्रांसफर कर दिए हैं।

रविवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ पर अपना और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का फोन टेप कराने का आरोप लगाया था। यादव ने योगी को अनुपयोगी मुख्यमंत्री और भाजपा सरकार को अनुपयोगी सरकार करार देते हुए बड़े आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था, 'हम सबके फोन सुने जा रहे हैं और अनुपयोगी मुख्‍यमंत्री खुद शाम को कुछ लोगों की रिकॉर्डिंग सुनते हैं।' उन्होंने पत्रकारों से कहा था, 'आप लोग भी सावधान रहें अगर हमसे फोन पर बात करते हैं तो जरूर सावधान रहें।'

लखनऊ में आठ दिसंबर को घोषणापत्र जारी करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बताया था कि महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 40 फीसदी आरक्षण दिया जाएगा। साथ ही 10 लाख रुपये तक मुफ्त इलाज की भी सुविधा मिलेगी। सरकारी पदों में लगभग 9 फीसदी की भागीदारी है, जिसे हम 40 फीसदी तक करेंगे। महिला द्वारा संचालित व्यवसाय में कर से छूट मिलेगी। मनरेगा में महिला को प्राथमिकता मिलेगी। दुकानों का संचालन भी महिला द्वारा किया जायेगा। वहीं, 10 + 2 में लड़कियों को स्मार्टफोन दिया जायेगा। राज्य भर में संध्या विद्यालय भी होंगे, जिससे गांव में भी लड़कियां पढ़ाई कर सकें।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad