Advertisement

काशी के बाद अब राम नगरी अयोध्या में प्रियंका गांधी, भाजपा के लिए चुनौती

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज अयोध्या जाएंगी। यहां वह हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी,...
काशी के बाद अब राम नगरी अयोध्या में प्रियंका गांधी, भाजपा के लिए चुनौती

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी आज अयोध्या जाएंगी। यहां वह हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा-अर्चना करेंगी, फिर एक रोड शो करेंगी। प्रियंका गांधी अयोध्या ऐसे समय जा रही हैं जब विवादित स्थल को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने एक मध्यस्थता समिति का गठन किया है और सभी पक्षों से बातचीत की जा रही है। उनके इस दौरे को राजनीतिक गलियारों में खासा अहम माना जा रहा है और इसे भाजपा के लिए चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है।

इससे पहले वह प्रयाग से वाराणसी तक की बोट यात्रा कर चुकी हैं। उन्होंने काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे। प्रियंका के अयोध्या दौरे को लेकर सबकी निगाहें हैं। हालांकि अयोध्या में वह राम लला के दर्शन करने जाएंगी या नहीं, यह तय नहीं है।   

अमेठी से शुरू किया चुनावी दौरा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी बुधवार से उत्तर प्रदेश के चुनावी दौरे पर हैं। उन्होंने राहुल गांधी के संसदीय क्षेत्र अमेठी से अपना संपर्क अभियान शुरू किया है। प्रियंका बुधवार को लखनऊ होते हुए अमेठी पहुंचीं। अगले दिन गुरुवार को उन्होंने सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्र रायबरेली का दौरा किया और आज अयोध्या पहुंचेंगी।

कांग्रेस ने बदली रणनीति

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी हनुमान गढ़ी मंदिर में पूजा करने गए थे। राहुल गांधी देश के मंदिरों में घूम-घूम कर यह संदेश दे रहे हैं कि आज की कांग्रेस पहले वाली नहीं है जो अपनी सेकुलर छवि बचाने के लिए मंदिरों से परहेज करती थी जिसके चलते उनका जनेऊधारी मुद्दा भी लोगों के सामने आया। 

अयोध्या में कांग्रेस ने इस बार रणनीति बदली है। अब कांग्रेस भी अयोध्या और मंदिर का मुद्दा वैसे ही उठा रही है जैसे अब तक भाजपा करती रही है।

मंदिर में जाकर दिया संदेश

राहुल गांधी की मंदिर रणनीति पर अब प्रियंका गांधी तेजी देने का काम कर रही हैं। उन्होंने यूपी में पहले विंध्यवासिनी मंदिर में कैमरों के बीच पूजा-अर्चना की। इसके बाद वाराणसी स्थित बाबा विश्वनाथ के मंदिर पहुंचीं। ये वही वाराणसी है जहां से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सांसद हैं। प्रियंका गांधी ने वाराणसी और बाबा के दरबार में दस्तक देकर बता दिया कि बेशक नरेंद्र मोदी यहां से सांसद हों लेकिन लोगों के दिलों पर कब्जा उनका भी है।

नई जिम्मेदारियां बढ़ी

लोकसभा चुनाव से लेकर यूपी विधानसभा चुनाव तक जब भी चुनाव के मौके आए प्रियंका गांधी अपनी मां सोनिया गांधी और भाई राहुल गांधी के साथ अमेठी और रायबरेली के लोगों के बीच आती रहीं पर आज प्रियंका की जिम्मेदारियां बढ़ गई हैं क्योंकि इस बार वे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाने के लिए प्रचार कर रही हैं। अब वह कांग्रेस की महासचिव हैं और पूर्वी उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी उठा रही हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad