Advertisement

नमो एप पर राहुल गांधी का हमला, अमेरिकी कंपनी को डेटा भेजने का आरोप

सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की निजी जानकारियां जुटाने और इस डेटा के राजनैतिक इस्तेमाल को लेकर...
नमो एप पर राहुल गांधी का हमला, अमेरिकी कंपनी को डेटा भेजने का आरोप

सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों की निजी जानकारियां जुटाने और इस डेटा के राजनैतिक इस्तेमाल को लेकर दुनिया भर में बहस छिड़ी है। इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक नमो एप को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने नमो एप के जरिये लोगों की जानकारियां जुटाने और इसे एक अमेरिकी कंपनी को भेजने का आरोप लगाया है।


दरअसल, ट्विटर पर कई दिनों से सरकार के विभागों की वेबसाइट और आधार के डेटाबेस में सुरक्षा चूक के दावे किए जा रहे हैं। इसी क्रम में इलियट एल्डरसन नाम के ट्वीटर अकाउंट से नमो ऐप से डेटा लीक होने का ट्वीट भी किया गया। दावा है कि नमो ऐप डाउनलोड करने पर आपका निजी डेटा किसी तीसरे पक्ष के पास चला जाता है। यूजर की ईमेल आईडी, फोटो, नाम, जेंडर आदि की जानकारी है बिना उसकी सहमति के अमेरिकी कंपनी से साझा की जा रही हैं।


इन आरोपों को कांग्रेस के नेताओं ने हाथों-हाथ लेते हुए दिखाया कि कैसे नमो एप में रजिस्ट्रेशन करने पर आपकी तमाम जानकारियां ली जाती हैं। इन जानकारियों को आपकी सहमति के बिना किसी तीसरे पक्ष से साझा करने और राजनैतिक इस्तेमाल का खतरा है। कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम का नेतृत्व कर रही दिव्या स्पंदना ने निजी डेटा में सेंधमारी के आरोप लगाते हुए लोगों से नमो एप डिलीट करने की अपील की है।

हालांकि इसका कोई खास असर होना नहीं दिख रहा है। भाजपा से जुड़े लोग इसे बचकानी कोशिश करार दे रहे हैं। केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता विजय गोयल ने कहा है कि नमो ऐप को आप गेस्ट यूज़र के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं। तब आपको अपना फोन नंबर या ईमेल एड्रेस देने की जरूरत नहीं है। नमो एप किसी भी अन्य ऐप की तरह है जिसमें कुछ सूचनाओं की जरूरत होती है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad