Advertisement

राज्‍यसभा चुनाव : भाजपा को चार सीटों का मुनाफा, कांग्रेस को पांच सीटों का नुकसान

राज्यसभा के चुनाव के बाद भाजपा को कुल मिलाकर 4 सीटों का फायदा हुआ है। वहीं कांग्रेस हमेशा की तरह इस बार भी घाटे में रही है। उसे पांच सीटोंं का नुकसान हुआ है। राज्‍यसभा की खाली हुई 57 सीटों में 14 भाजपा के पास थीं। चुनावों के बाद उसके पास 17 सीटें हो गई हैं। हरियाणा से सुभाष चंद्रा भी भाजपा के समर्थन से जीते हैं। लिहाजा भाजपा को चंद्रा को मिलाकर चार सीटों का फायदा हुआ है। परिणाम आने के बाद कांग्रेस की राज्यसभा में पांच सीटें कम हो गई हैं। उसके 14 सांसद रिटायर हुए थे। लेकिन उसे केवल 9 सीटें ही मिलीं।
राज्‍यसभा चुनाव : भाजपा को चार सीटों का मुनाफा, कांग्रेस को पांच सीटों का नुकसान

राज्यसभा की सात राज्यों की 27 सीटों के लिए शनिवार को हुए मतदान के नतीजे सामने आ गए है। इनमें 11 सीटें भाजपा ने जीत ली हैं। इसके साथ ही उसने सदन में पहली बार 50 का आंकड़ा पार कर लिया। उसकी अब 53 सीटें हैं। कांग्रेस पहली बार 60 के अंदर सिमट गई है। अब राज्यसभा में उसके कुल 59 सदस्‍य हैं।

 हरियाणा में कांग्रेस में बड़ा उलटफेर हुआ है। यहां एक सीट भाजपा के खाते में गई। दूसरी सीट पर भाजपा के समर्थन पर खड़े हुए सुभाष चंद्रा कांग्रेस में फूट का फायदा उठाते हुए जीत गए। कांग्रेस के आरके आनंद को पार्टी की अंदरूनी कलह और 14 वोट खारिज होने के कारण हार का सामना करना पड़ा। कांग्रेस ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा से हार पर सफाई मांगी है। 14 कांग्रेसी विधायकों के वोट रद्द होने की वजह से सुभाष चंद्रा को जीत हासिल हुई। कहा जा रहा है कि कांग्रेस दोबारा चुनाव की करवाने की मांग कर सकती है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad