Advertisement

शहजाद पूनावाला का तंज, कांग्रेस अध्यक्ष का इलेक्शन नहीं सिलेक्शन हो रहा है

एक तरफ जहां राहुल गांधी को कांग्रेस की बागडोर थमाने की तैयारियां चल रही हैं। वहीं कुछ नेता कांग्रेस...
शहजाद पूनावाला का तंज, कांग्रेस अध्यक्ष का इलेक्शन नहीं सिलेक्शन हो रहा है

एक तरफ जहां राहुल गांधी को कांग्रेस की बागडोर थमाने की तैयारियां चल रही हैं। वहीं कुछ नेता कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ कांग्रेस अध्यक्ष पद को लेकर निशाना भी साध रहे हैं। मणिशंकर अय्यर के बाद अब महाराष्ट्र कांग्रेस के सचिव शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं।

शहजाद पूनावाला ने ट्वीट कर कहा कि एक परिवार से किसी एक को ही पद मिलना चाहिए, चाहे वह कोई भी हो। पूनावाला का ये बयान ऐसे समय में आया है जब कांग्रेस अध्यक्ष के तौर पर राहुल को बिठाने की कवायद जोरों पर है।

उन्होंने ट्वीट कर कहा है कि यह चुनाव नहीं बल्कि चयन है। पूनावाला ने आरोप लगाया है कि राहुल गांधी, गांधी परिवार के हैं इसलिए अध्यक्ष बनेंगे।

शहजाद ने कहा, "मुझे यह जानकारी मिली है कि जो प्रतिनिधि पार्टी अध्यक्ष के चुनाव के लिए वोट डालने जा रहे हैं, वे गुप्त रूप से फिक्स हैं। उन्हें उनकी वफादारी के लिए नियुक्त किया गया है।' पूनावाला ने कहा कि वह जानते हैं कि अब उनपर हमले किए जाएंगे। उन्होंने कहा, 'हां, इस पर बोलने के लिए हिम्म्त चाहिए। मुझ पर अब सभी तरह के हमले किए जाएंगे पर मेरे पास तथ्य हैं।"

पूनावाला ने लिखा है, ‘‘कल कई कहानियां शुरू हो जाएंगी मुझे निशाना बनाया जाएगा। लेकिन मैं वंशवाद पर बोलता रहूंगा।’’

भाई तहसीन पूनावाला ने दूरी बनाई

 शहजाद पूनावाला के इस बयान के बाद उनके भाई और कांग्रेस के ही नेता तहसीन पूनावाला ने शहजाद के इस बयान से खुद को अलग कर लिया और कहा कि अब उनका शहजाद से कोई लेना-देना नहीं है।

वहीं महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत का कहना है, "शहजाद पुनावाला नामक व्यक्ति कांग्रेस पार्टी के प्राथमिक सदस्य भी नहीं हैं। कांग्रेस पार्टी के प्रदेश सदस्य बनने का सवाल ही नहीं उठता। वास्तविक तौर पर वे "स्वयंभू" है।"

हालांकि माना जा रहा है कि राहुल गांधी को चुनाव का सामना नहीं करना पड़ेगा, वे निर्विरोध चुन लिए जाएंगे। लेकिन अध्यक्ष बनने से ठीक पहले पार्टी के भीतर इस तरह की आवाज उठना राहुल की परेशानी जरूर बढ़ा सकता है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
  Close Ad