Advertisement

सोनिया गांधी की हालत स्थिर, गंगाराम अस्पताल भेजी गईं

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में मंगलवार को रोड शो के दौरान बीमार पड़ीं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की हालत स्थिर है। उन्हें बुधवार को दिल्ली के गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोनिया गांधी की हालत स्थिर, गंगाराम अस्पताल भेजी गईं

गंगा राम अस्पताल की ओर से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया कि, श्रीमती सोनिया गांधी को आज दोपहर।:30 बजे डिपार्टमेंट आॅफ पल्मोनोलाॅजी के डाॅ. अरूप बसु और उनकी टीम की देखभाल में सर गंगा राम अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के अध्यक्ष डाॅ. एस एस राणा ने मेडिकल बुलेटिन में कहा, उनके शरीर में पानी की कमी है, लेकिन वह अभी स्थिर हैं और उनकी सेहत की जांच की जा रही है। कल देर रात वाराणसी से एक चार्टर्ड विमान से दिल्ली लौटने के बाद सोनिया को सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ घंटों तक उनकी सेहत पर नजर रखने के बाद उन्हें सर गंगाराम अस्पताल भेज दिया गया। मिली जानकारी के अनुसार उन्हें गंगाराम अस्पताल इसलिए भेजा गया है,क्योंकि वहां पहले भी उनका इलाज हो चुका है।

इससे पहले, दिन में कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्षा की हालत स्थिर है और मेडिकल निगरानी में उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। उन्होंने एक बयान में कहा, काशी से वापस लौटने पर उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, उनकी हालत स्थिर है और मेडिकल निगरानी में उनकी तबीयत में सुधार हो रहा है। उन्होंने कहा कि वह लोगों से मिलने और काशी विश्वनाथ जी के एेतिहासिक मंदिर के दर्शन के लिए वाराणसी लौटेंगी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी सेना अस्पताल में सोनिया के पास मौजूद थे। रक्षा मंत्राी मनोहर पर्रिकर और थलसेना प्रमुख दलबीर सिंह सुहाग ने सेना के रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल जाकर कांग्रेस अध्यक्ष की सेहत की जानकारी ली थी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad