Advertisement

आयकर छापे को लेकर भाजपा और सपा में जुबानी जंग तेज, ट्विटर पर घमासान

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय सहित कई सपा कार्यकर्ताओं के ठिकानों पर आयकर विभाग के...
आयकर छापे को लेकर भाजपा और सपा में जुबानी जंग तेज, ट्विटर पर घमासान

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय सहित कई सपा कार्यकर्ताओं के ठिकानों पर आयकर विभाग के छापे के बाद सत्तारूढ़ भाजपा और सपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। सोशल मीडिया पर दोनों पार्टियों ने आयकर को लेकर एक दूसरे पर तंज कसा।

सपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सोमवार को भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, ''तुलसीदास जी कह गये हैं- ''हित अनहित पशु पक्षी हु जाना (इसका आशय यह है कि पशु पक्षी से लेकर सब कोई जान रहा है कि यह कार्य क्यों किया जा रहा है)।’’ इस ट्वीट के साथ उन्होंने एक कार्टून भी साझा किया है जिसमें यह लिखा गया है कि उत्तर प्रदेश में अखिलेश के करीबियों के ठिकानों पर आईटी (इनकम टैक्स) के छापे। इसमें उत्तर प्रदेश चुनाव का जिक्र हैं और एक वाहन में आयकर विभाग की प्लेट दर्शाते हुए वाहन के शीशे पर 'आन इलेक्शन ड्यूटी' लिखा गया है।

यादव के कार्टून पोस्ट करने के कुछ घंटों बाद ही भाजपा ने पलटवार करते हुए पक्षी की शक्ल का कार्टून संलग् न करते हुए अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया, ''जिनकी आय से अधिक संपत्ति होती है उन्हें ''आय''-कर वालों का नाम सुनकर ही पसीने आते हैं।''

भाजपा के कार्टून में आयकर विभाग का अधिकारी एक पक्षी की गर्दन पकड़े दिख रहा है जिस पर लिखा है- ‘‘सपाइयों का कुनबा और आय से अधिक संपत्ति।’’ इसी कार्टून में दूसरी तरफ लाल टोपी पहने अखिलेश यादव का चित्र दिख रहा है जिसमें वह कहते नजर आ रहे हैं ''हाय- योगी है अनुपयोगी।''

बता दें कि शनिवार को सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय के मऊ समेत कई ठिकानों और मैनपुरी के मनोज यादव, लखनऊ में गजेंद्र सिंह समेत लगभग एक दर्जन लोगों के घरों की आयकर टीम ने छानबीन की थी। गजेंद्र सिंह अखिलेश यादव के ओएसडी रहे हैं। इस छापेमारी के बाद रविवार को अखिलेश यादव ने लखनऊ में पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि भाजपा हार की डर से केंद्रीय एजेंसियों -आयकर, ईडी (प्रवर्तन निदेशालय) और सीबीआई (केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो) का सहारा लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है।

उन्होंने आयकर छापे पर आक्रोश प्रकट करते हुए कहा था, ''जैसे जैसे भाजपा को हार सताएगी, उत्तर प्रदेश में उनके नेताओं की तादाद, उनके मुख्यमंत्रियों की संख्या और दिल्ली से आने वालों की संख्या बढ़ जाएगी। इसमें हम लोगों को शक नहीं था कि जहां पोलिटिकल पार्टी और उनके नेता आएंगे उनके सहयोग के लिए इनकम टैक्स, ईडी, सीबीआई और भी संस्थाओं का सहारा लेकर अटैक करने का काम करेंगे।''
उन्होंने योगी आदित्यनाथ को अनुपयोगी मुख्यमंत्री बताते हुए भाजपा सरकार पर सपा नेताओं के फोन टैप करने का भी आरोप लगाया था।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad