Advertisement

कानपुर में पानी की किल्लत, लगे 'सांसद जोशी लापता हैं' के पोस्टर

कानपुर में पानी की किल्लत को लेकर शहर कांग्रेस समिति ने भाजपा सांसद मुरली मनोहर जोशी के खिलाफ मंगलवार से होर्डिंग अभियान चलाया है। इस होर्डिंग में लिखा है कि शहर में पानी की कमी है और सांसद जोशी गायब हैं। जो भी सांसद को ढूंढ़ कर लाएगा, उसे एक घड़ा पानी इनाम में दिया जाएगा।
कानपुर में पानी की किल्लत, लगे 'सांसद जोशी लापता हैं' के पोस्टर

कानपुर शहर के मुख्य चौराहे पर लगा यह होर्डिंग आज शहर में चर्चा का विषय बना हुआ है। शहर कांग्रेस समिति की तरफ से लगाए गए होर्डिंग में सांसद मुरली मनोहर जोशी की तीन तस्वीरें बनाई गई हैं। एक तस्वीर पर लिखा है, क्या आप इन्हें जानते है। दूसरी तस्वीर पर लिखा है कि आपने इन्हें कहीं देखा है। तीसरी तस्वीर पर लिखा है कि पानी की तरह यह भी कानपुर कभी-कभी ही आते हैं। होर्डिंग में लिखा है कि सांसद जोशी को ढूंढ़कर लाने पर कांग्रेस कमेटी की तरफ से एक घड़ा पानी इनाम में दिया जाएगा।

 

इस बारे में कांग्रेस के शहर अध्यक्ष हरप्रकाश अग्निहोत्री ने बताया कि शहर की जनता पानी की किल्लत से जूझ रही है। शहर के विभिन्न इलाकों में पानी कभी-कभार ही आता है। ऐसे में अगर हमारा सांसद शहर में रहता होता तो वह हम शहर के लोगों का दर्द समझ पाता। उन्होंने कहा कि सांसद जोशी तो दिल्ली में रहते हैं और छह महीने में एकाध बार आते हैं, इसलिए वह कानपुर के आम नागरिकों की परेशानियां नहीं समझते जबकि इसी शहर की जनता ने उन्हें लाखों वोटों से जिताकर सांसद बनाया है। अग्निहोत्री ने कहा कि सांसद मुरली मनोहर जोशी को ढूंढ़ने वाले ऐसे होर्डिंग शहर के कई हिस्सों में लगाकर जनता को सांसद की असलियत से वाकिफ कराया जाएगा।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad