Advertisement

फिर जेटली पर बरसे यशवंत, कहा- 'जिन्होंने लोकसभा की शक्ल नहीं देखी, वो मुझ पर आरोप लगा रहे'

पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा और मौजूदा वित्त मंत्री अरुण जेटली के बीच आरोप-प्रत्यारोप का खेल नहीं...
फिर जेटली पर बरसे यशवंत, कहा- 'जिन्होंने लोकसभा की शक्ल नहीं देखी, वो मुझ पर आरोप लगा रहे'

पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा और मौजूदा वित्त मंत्री अरुण जेटली के बीच आरोप-प्रत्यारोप का खेल नहीं थम रहा है। अरुण जेटली ने गुरुवार को कहा कि कुछ लोग 80 साल की उम्र में नौकरी के आवेदक बनना चाहते हैं। इस पर यशवंत सिन्हा पलटवार कर रहे हैं।

समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक सिन्हा ने कहा, “अरुण जेटली मेरी पृष्ठभूमि भूल गए हैं। सेवानिवृत्ति के बाद मैं राजनीति में नहीं आया हूं। मैंने आईएएस में अपनी पोस्ट छोड़ दी थी। इसलिए मैं 80 साल की आयु में नौकरी के लिए नहीं पूछ सकता।”

उन्होंने कहा कि आडवाणी जी ने कहा था कि कभी पर्सनल अटैक नहीं करना चाहिए। यशवंत सिन्हा ने कहा कि मैं हर सेक्टर पर चर्चा करने को तैयार हूं, हर सेक्टर में गिरावट हो रही है।

सिन्हा ने कहा कि मैंने राजनीति में आने के कुछ समय के बाद ही अपनी लोकसभा की सीट चुन ली थी। मुझे अपनी लोकसभा की सीट चुनने में 25 साल नहीं लगे हैं। उन्होंने आगे कहा, “जिन्होंने लोकसभा की शक्ल नहीं देखी, वो मेरे ऊपर आरोप लगा रहे हैं। मैंने किसी पर पर्सनल अटैक नहीं किया है।”

इससे पहले सिन्हा ने जेटली पर पलटवार करते हुए कहा कि  यदि मैं नौकरी मांगता तो अरुण जेटली आज उस स्थान पर नहीं होते, जहां वह हैं।

सिन्हा ने कहा, “सरकार स्थिति को समझने में पूरी तरह नाकाम है। असली चिंता यह है कि वह समस्या को समझने की बजाय खुद की तारीफ करने और अपनी ही पीठ थपथपाने में जुटी है।” सिन्हा ने खुद के मुकाबले उनके ही बेटे जयंत सिन्हा को बयानबाजी के लिए उतारने पर सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि यह सही नहीं है। 

बता दें कि देश में आर्थिक गिरावट के माहौल के लिए यशवंत सिन्हा द्वारा आलोचना किए जाने के बाद जेटली ने कहा था कि सिन्हा 80 साल की उम्र में नौकरी मांग रहे हैं। इस पूरे विवाद की शुरूआत पिछले दिनों अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस पर यशवंत सिन्हा के एक लेख से हुआ। अपने लेख में सिन्हा ने मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना की थी साथ ही उन्होंने वित्तमंत्री जेटली को निशाने पर लिया था। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad