Advertisement

उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन के मुद्दे पर लोकसभा में कांग्रेस का हंगामा

उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाए जाने का मुद्दा आज लोकसभा में उठा और इस पर गहरी आपत्ति व्यक्त करते हुए कांग्रेस सदस्य अध्यक्ष के आसन के समीप आकर नारेबाजी करने लगे और इस विषय पर बात रखने की अनुमति तत्काल नहीं दिए जाने के विरोध में कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे सदन में धरने पर बैठ गए।
उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन के मुद्दे पर लोकसभा में कांग्रेस का हंगामा

कांग्रेस पार्टी की ओर से कार्यस्थगन की मांग किए जाने पर लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा, प्रश्नकाल स्थगित नहीं करने का नियम सदन के सदस्यों ने ही बनाया है। इसलिए इस कार्यस्थगन की अनुमति नहीं दी जा सकती। इस विषय को खड़गे जी शून्यकाल के दौरान उठाएं। सदन में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, लोकतंत्र की हत्या हुई है और हम इस विषय पर अपनी बात रखना चाहते हैं। यह महत्वपूर्ण मुद्दा है और अध्यक्ष के पास कार्यस्थगन का अधिकार है। अध्यक्ष की ओर से शून्यकाल में बात रखने और प्रश्नकाल चलाने का संकेत देने के बाद कांग्रेस, जदयू और आप सदस्य आसन के समीप आकर सरकार के खिलाफ नारे लगाने लगे। आप सदस्य भगवंत मान को देश के कई हिस्सों में सूखे और किसानों की आत्महत्या के विषय पर कुछ बोलते सुना गया।

 

उत्तराखंड में राष्ट्रपति शासन लगाने के निर्णय से राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। इस विषय पर उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने राष्ट्रपति शासन के निर्णय पर रोक लगा दिया था। हालांकि उच्चतम न्यायालय ने इस बारे में उच्च न्यायालय के फैसले पर अस्थायी तौर पर रोक लगा दी है। लोकसभा अध्यक्ष ने जब इस विषय को उठाने की अनुमति नहीं दी तब खड़गे अध्यक्ष के आसन के पास मार्शल के बगल में सीढ़ी पर बैठ गए। इस दौरान कांग्रेस सदस्य तानाशाही बंद करो के नारे लगा रहे थे। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को भी अपने स्थान से विरोध स्वरूप कुछ बोलते देखा गया लेकिन हंगामे में उनकी बात नहीं सुनी जा सकी। कांग्रेस सदस्यों के हंगामे के दौरान अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सदन में प्रश्नकाल की कार्यवाही चलाई। सदस्यों ने सवाल पूछे और संबंधित मंत्रियों ने उनके जवाब दिए।

 

इससे पहले लोकसभा में दिवंगत पूर्व सांसदों बीरबल, लालमुनि चौबे, आनंद गजपति पूसापति राजू और डा. सी सिलवेरा को श्रद्धांजलि दी गई। सुबह सदन की कार्यवाही शुरू होने पर अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने ब्रसेल्स में आतंकी हमले में निर्दोष लोगों के मारे जाने तथा इक्वाडोर और जापान में भूकंप के दौरान लोगों की मौत की जानकारी सदन को दी। अध्यक्ष ने दंतेवाड़ा में बारूदी सूरंग हमले में सीआरपीएफ के सात कर्मियों के शहीद होने और केरल के कोल्लम में पटाखे में आग लगने की घटना में 100 से अधिक लोगों के मारे जाने पर दुख प्रकट किया और सदन ने उनके प्रति श्रद्धांजलि व्यक्त की। महाजन ने अरूणाचल प्रदेश के तवांग में भूस्खलन की घटना में लोगों के मारे जाने और कोलकाता में निर्माणधीन फ्लाईओवर के गिरने की घटना में लोगों की मौत की भी सदन को जानकारी दी तथा मृतकों के प्रति शोक प्रकट किया।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad