Advertisement

संविधान दिवस: पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना, बोले- "पारिवारिक पार्टियां लोकतंत्र के लिए खतरा" लालू यादव को भी घेरा

संविधान दिवस के मौके पर पार्लियामेंट के सेंट्रल हॉल में एक कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने...
संविधान दिवस: पीएम मोदी का कांग्रेस पर निशाना, बोले-

संविधान दिवस के मौके पर पार्लियामेंट के सेंट्रल हॉल में एक कार्यक्रम को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संबोधित किया। अपने संबोधन में उन्होंने 'राजनीति में परिवारवाद' के सहारे कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी पार्टियों और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव का नाम लिए बिना उन्हें भ्रष्टाचार के मुद्दे पर जमकर घेरा।

पीएम मोदी ने अपने भाषण में कहा, 'संविधान की भावना को भी चोट पहुंची है, संविधान की एक-एक धारा को भी चोट पहुंची है, जब राजनीतिक दल अपने आप में अपना लोकतांत्रिक कैरेक्टर खो देते हैं। जो दल स्वयं लोकतांत्रिक कैरेक्टर खो चुके हों, वो लोकतंत्र की रक्षा कैसे कर सकते हैं।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत एक ऐसे संकट की तरफ़ बढ़ रहा है, जो संविधान को समर्पित लोगों के लिए चिंता का विषय है, लोकतंत्र के प्रति आस्था रखने वालों के लिए चिंता का विषय है और वह है पारिवारिक पार्टियां।

पीएम मोदी ने 'राजनीति में भ्रष्टाचार' का सहारा लेकर राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव पर भी निशाना साधा। इस दौरान पीएम ने कहा, ''क्या हमारा संविधान भ्रष्टाचार की अनुमति देता है? चिंता तब होती है, जब न्यायपालिका ने किसी को सजा दे दी हो। राजनीतिक स्वार्थ के कारण उसका भी महिमामंडन चलता है। भ्रष्टाचार को नजरअंदाज कर, सारी मर्यादाओं को तोड़कर उनके साथ लोगों का उठाना-बैठना शुरू हो जाता है। ऐसे में देश को नौजवानों को लगता है कि भ्रष्टाचार के रास्ते पर चलना खराब नहीं है, लोग कुछ समय बाद इसे स्वीकार कर लेते हैं।''

पारिवारिक पार्टियों पर प्रधानमंत्री द्वारा दिए गए बयान पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि पारिवारिक पार्टियों का कुछ मतलब है क्या? लेकिन आज कई दल इस पर चल रह हैं। भले ही यह दल कुछ दिनों के लिए बच जाए, लेकिन कुछ समय बाद उनका बचे रहना संभव नहीं है।

बता दें कि कोर्ट ने राष्ट्रीय जनता दल के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को चारा घोटाले के आरोप में सजा सुनाई थी। फिलहाल वे बेल पर बाहर हैं।

 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad