Advertisement

भोपाल में कंप्यूटर बाबा ने दिग्विजय सिंह के लिए रमाई धूनी, समर्थन में सैकड़ों साधुओं का हठयोग

सोमवार को लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का चुनाव खत्म होने के बाद अब छठे चरण में भोपाल के मुकाबले पर हर...
भोपाल में कंप्यूटर बाबा ने दिग्विजय सिंह के लिए रमाई धूनी, समर्थन में सैकड़ों साधुओं का हठयोग

सोमवार को लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण का चुनाव खत्म होने के बाद अब छठे चरण में भोपाल के मुकाबले पर हर किसी की निगाहें टिकी हुई हैं। भोपाल लोकसभा सीट से कांग्रेस ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने दिग्विजय को टक्कर देने के लिए साध्वी प्रज्ञा सिंह ठाकुर को टिकट दिया है। प्रज्ञा सिंह ठाकुर हिन्दुत्व के नाम पर वोट मांग रही हैं जबकि सैकड़ों साधु भी दिग्विजय सिंह के लिए लोगों से वोट देने की अपील कर रहे हैं और प्रज्ञा सिंह ठाकुर के खिलाफ चुनाव प्रचार कर रहे हैं। भोपाल में कंप्यूटर बाबा की अगुआई में दिग्विजय के समर्थन के लिए कंप्यूटर बाबा ने धूनी रमाई है। इसके साथ ही सैकड़ों साधु-संत भी हठयोग पर बैठे हुए हैं।  

कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह अपनी पत्नी और कंप्यूटर बाबा के साथ भोपाल में पूजा की, जहां सैकड़ों साधु जुटे हुए थे। ऐसे में कांग्रेस के इस कदम को प्रज्ञा ठाकुर के खिलाफ काउंटर के रूप में देखा जा रहा है। दिग्विजय ने इस दौरान साधुओं की मौजूदगी में अपनी पत्नी के साथ पूजापाठ और हवन किया। यहां साधुओं के लिए धूनी स्थल बनाया गया है, जहां साधु-संत हठयोग समेत तमाम योग मुद्राओं में नजर आ रहे हैं। 

'भोपाल में हजारों संतों का हठयोग'

भोपाल में पूजास्थल पर एक बोर्ड भी लगा हुआ है। इस बोर्ड पर लिखा है, ‘दिग्विजय सिंह की जीत के लिए हजारों संतों का हठयोग’। ऐसे में भोपाल के चुनाव में अब पूरी तरह हिंदुत्व का असर दिख रहा है। भोपाल के चुनाव को सभाओं और रैलियों में धर्मयुद्ध की तरह प्रचारित किया जा रहा है। हिंदुत्व को मुद्दा बनाकर चुनावी पासे फेंके जा रहे हैं।  

अब राम मंदिर नहीं तो मोदी नहीं

भोपाल में हठयोग के लिए साधुओं के साथ जुटे कंप्यूटर बाबा ने मीडिया से बातचीत में बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, 'बीजेपी सरकार पांच साल में राम मंदिर भी नहीं बना पाई। अब राम मंदिर नहीं तो मोदी नहीं।' बता दें कि कंप्यूटर बाबा को शिवराज सरकार के कार्यकाल में दर्जा प्राप्त मंत्री का पद मिला था।

8 मई को भोपाल मेंनिकाली जाएगी एक बड़ी शोभायात्रा

दिग्विजय के समर्थन में 8 मई को भोपाल में एक बड़ी शोभायात्रा भी निकाली जाएगी। इस अभियान की कमान कंप्यूटर बाबा के ही हाथ में है। बताया जा रहा है कि रोड शो की तरह होने वाली इस शोभायात्रा में करीब 7 हजार साधु-संत शामिल होंगे। भोपाल सीट पर छठे चरण के तहत 12 मई को मतदान है। इस सीट पर लंबे अरसे से बीजेपी का कब्जा है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad