Advertisement

कांग्रेस ने उर्मिला मातोंडकर को मैदान में उतारा, नार्थ मुंबई सीट से लड़ेंगी चुनाव

लोकसभा चुनाव से पहले नेताओं और अभिनेताओं का राजनीतिक दलों में शामिल होने का सिलसिला जारी है। दो...
कांग्रेस ने उर्मिला मातोंडकर को मैदान में उतारा, नार्थ मुंबई सीट से लड़ेंगी चुनाव

लोकसभा चुनाव से पहले नेताओं और अभिनेताओं का राजनीतिक दलों में शामिल होने का सिलसिला जारी है। दो द‍िन पहले कांग्रेस पार्टी की सदस्‍यता ग्रहण करने के बाद अब बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्मिला मातोंडकर को कांग्रेस ने नार्थ मुंबई सीट से प्रत्‍याशी बनाया है। 27 फरवरी को ही कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात के बाद उर्मिला ने पार्टी की सदस्यता ली थी।इससे एक दिन पहले जया प्रदा ने बीजेपी और दक्षिण सिनेमा के मशहूर अभिनेता मोहन बाबू ने वाईएसआर कांग्रेस जॉइन किया था।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने उर्मिला मातोंडकर को पार्टी में शामिल होने पर बधाई दी थी और उन्हें गुलदस्ता देकर सम्मानित किया। मीडिया में पहले से ही यह खबर आ रही थी कि अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर कांग्रेस के टिकट पर मुंबई से लोकसभा चुनाव लड़ सकती हैं। ऐसा माना जा रहा है कि उर्मिला मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ सकती हैं।

राहुल गांधी के बारे में क्या बोली थीं उर्मिला मातोंडकर

राहुल गांधी के नेतृत्व के बारे में उर्मिला मातोंडकर ने कहा था, 'आज के दौर में हमें ऐसा नेता चाहिए जो सबको साथ लेकर चलने वाला नेता हो, जो सबको न्याय दिलाने में यकीन करता हो। साधारण शब्दों में कहा जाए तो वह सबको साथ लेकर चलने वाला हो। मेरी नजर में नेता ऐसा ही होना चाहिए। यह सब कुछ इनमें है।'

कई नेताओं से मिली थीं उर्मिला

अभिनेत्री उर्मिला आज बुधवार दोपहर कांग्रेस में शामिल हो गईं। मिलिंद देवड़ा और संजय निरुपम समेत महाराष्ट्र कांग्रेस के कई नेता दिल्ली में हैं और आज पार्टी अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात करने के बाद उर्मिला कांग्रेस में शामिल हुईं। मिलिंद देवड़ा मुंबई कांग्रेस समिति के अध्यक्ष बनाए गए हैं।

गोविंदा लड़े थे मुंबई उत्तरी सीट से चुनाव

मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से फिल्म अभिनेता गोविंदा ने 2004 में पूर्व पेट्रोलियम मंत्री राम नाइक को पराजित किया था। नाइक फिलहाल इस समय उत्तर प्रदेश के राज्यपाल हैं। हालांकि राम नाइक को वर्ष 2009 में संजय निरूपम के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। 2014 के लोकसभा चुनाव में 'मोदी लहर' में गोपाल शेट्टी ने संजय निरूपम को पराजित कर दिया।

संजय निरूपम ने किया था संपर्क

पहले खबर आई थी कि मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष संजय निरूपम और राज्य कांग्रेस के प्रवक्ताओं ने उर्मिला मातोंडकर के पारिवारिक सदस्यों से संपर्क किया, लेकिन इस बारे में किसी ने भी किसी तरह की टिप्पणी करने से मना कर दिया था। हालांकि बाद में राजनीतिक सूत्रों के हवाले से ऐसी खबरें भी आई कि उर्मिला के नाम पर पार्टी नेतृत्व काफी आगे बढ़ चुका है और जल्द ही इस बारे में अंतिम निर्णय की घोषणा कर दी जाएगी।

29 अप्रैल को मतदान

मुंबई के छह लोकसभा सीटों के लिए चौथे चरण में 29 अप्रैल को मतदान होना है और और इसी दिन राज्य की 17 अन्य लोकसभा सीटों के लिए भी वोट डाले जाएंगे। अगर उर्मिला मातोंडकर को मुंबई उत्तरी लोकसभा सीट से उम्मीदवार बनाया जाता है तो उनका मुकाबला भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के मौजूदा सांसद गोपाल शेट्टी से होगा। इस सीट को बीजेपी का गढ़ और शेट्टी को अपराजेय माना जाता है।

उर्म‍िला मातोंडकर से पहले कई अन्य बड़े सिनेमाई सितारों जैसे सलमान खान, संजय दत्त के चुनावी समर में उतरने की चर्चा थी, लेकिन उन्होंने चुनाव प्रचार करने से साफ इंकार कर द‍िया है।

"मासूम" से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करना शुरू किया था

उर्मिला ने फिल्म "मासूम" से बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट काम करना शुरू हुआ था। उर्मिला को पहचान रामगोपाल वर्मा की फिल्म रंगीला से मिली थी। ये उनकी पहली फिल्म भी थी। उर्मिला आखिरी बार वह इरफान खान की फिल्म ब्लैकमेल में आइटम सॉन्ग में नजर आई थीं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad