राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रशिक्षण शिविर के दूसरे दिन मंगलवार को पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने वर्चुअल जुड़ कर संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा राम रहीम के अनुयायियों के बीच नफरत फैलाती है। उनको इसका स्वाद मिल गया है, वो दंगे भड़का कर हर बार सत्ता में आते हैं लेकिन इसकी एक सीमा होती है। देश की जनता बीजेपी के इस षडयंत्र को समझती है।
लालू ने कहा कि कांग्रेस और अन्य पार्टियां साथ आने में नाकाम रही हैं। हम बार-बार एक राजनीतिक विकल्प बनाने की कोशिश करते हैं लेकिन कुछ कारणों से विफल हो जाते हैं, इसलिए वे देश पर शासन कर रहे हैं। विपक्षी दल साथ आए तो बीजेपी को सत्ता से उखाड़ फेंकेंगे।
आरजेडी अध्यक्ष ने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से कहा कि अन्याय के खिलाफ सत्याग्रह जरूरी है। पटना के गांधी मैदान से जेपी ने आंदोलन किया था, कुछ लोग जेल जाने से डरते हैं, मुकदमा होने से डरते हैं। इन सब चीजों से डरने की जरुरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग डरते हैं कि उन पर 107 की कार्रवाई न हो। ऐसी चीजों से डरने की जरुरत नहीं है। गलत के खिलाफ आवाज उठाओ। दबे-कुचले लोगों के साथ खड़े होकर आंदोलन करो। चाहे किसी की भी सरकार हो, जेल भरो। जब जेल भरने लगता है तो सरकार गिर जाती है।
उन्होंने कहा कि राजद सेल्फ मेड पार्टी है। किसी की कृपा से नहीं बनी है। बिहार के लोगों ने अपने पैरों पर खड़े होकर पार्टी को मजबूत बनाया है। लोगों के प्यार से पार्टी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंची। जातिगत जनगणना पर उन्होंने कहा कि यह कोई साधारण मांग नहीं है। इसके नहीं होने से समाज के अंतिम पायदान पर बैठा व्यक्ति पीछे छूटते जा रहा है।