Advertisement

भाजपा ने मोदी को बनाया भगवान, भक्त उन्हें डालेंगे संकट में: शिवसेना

सहयोगी भाजपा पर एक बार फिर निशाना साधते हुए शिवसेना ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भगवान बताने के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की आलोचना की और चेतावनी दी कि भक्तगण ही नेताओं को संकट में डालेंगे।
भाजपा ने मोदी को बनाया भगवान, भक्त उन्हें डालेंगे संकट में: शिवसेना

अपने मुखपत्र सामना के जरिये शिवसेना ने एक बार फिर भाजपा और पीएम मोदी पर सीधा हमला किया है। मुखपत्र में सेना ने कहा, भाजपा के वरिष्ठ नेता बयान जारी कर रहे हैं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भगवान के अवतार हैं। चूंकि उन्हें भगवान बना दिया गया है तो उनके नाम से मंदिर भी बनेगा और उनके नाम से त्योहार भी मनेगा। अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनाया जा सकता लेकिन इस नए भगवान के नाम से श्लोक पढ़े जाएंगे। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू ने हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए उन्हें भारत के लिए भगवान का वरदान बताया था। मंत्रिमंडल के एक और नेता राधा मोहन सिंह ने भी मोदी की प्रशंसा करते हुए ऐसी ही बात कही थी। व्यंगात्मक लहजे में शिवसेना ने पूछा कि भारत के प्रधान न्यायाधीश टी. एस. ठाकुर ने रविवार को बढ़ते मामलों की संख्या देखते हुए न्यायाधीशों की संख्या बढ़ाने की जो भावनात्मक अपील की उसे क्या मोदी सरकार की उपलब्धि मानी जाए।

 

मुखपत्र में आगे कहा गया कि भाजपा को याद रखना चाहिए कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने विज्ञापनों पर काफी धन खर्च किया था लेकिन 1975-77 के चुनाव के बाद सत्ता से बाहर हो गईं। भक्त ही नेताओं और भगवानों को संकट में डालते हैं। यह महाभारत से लेकर दिल्ली में वर्तमान राजनीतिक स्थिति तक हो रहा है। शिवसेना ने कहा, देश का 33 फीसदी हिस्सा सूखे से प्रभावित है और मराठवाड़ा (महाराष्ट्र) तथा बुंदेलखंड (मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश में फैला पिछड़ा इलाका) निर्जन हो कब्रगाह की तरह प्रतीत होता है। सरकार की योजनाएं वहां दो वर्षों में भी नहीं पहुंच पाईं हैं। इसे पूर्ववर्ती सरकार की विफलता नहीं बताया जा सकता। पार्टी ने मुखपत्र में सवाल किया, चुनाव से पहले काला धन वापस लाने, महंगाई कम करने, भ्रष्टाचार को खत्म करने के वादों का क्या हुआ? हम कैसे कह सकते हैं कि यह मोदी सरकार की उपलब्धियां हैं? उद्धव ठाकरे नीत शिवसेना महाराष्ट्र में भाजपा नीत सरकार और केंद्र सरकार की सहयोगी है। मराठी दैनिक सामना मोदी सरकार की कई नीतियों और निर्णयों की आलोचक रही है जो पाकिस्तान पर सरकार के रूख से लेकर उत्तराखंड राजनीतिक संकट तक उसे घेरती रही है।

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad