Advertisement

विपक्षी एकता को धार देने रांची पहुंचे नीतीश, हेमंत से की मुलाकात, कहा- मिशन 2024 में हम साथ

विपक्षी एकजुटता को धार देने रांची पहुंचे बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को रांची पहुंचे...
विपक्षी एकता को धार देने रांची पहुंचे नीतीश, हेमंत से की मुलाकात, कहा- मिशन 2024 में हम साथ

विपक्षी एकजुटता को धार देने रांची पहुंचे बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार बुधवार को रांची पहुंचे और झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन से मिले। बाद में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि मिशन 2024 में हम साथ काम करेंगे। हेमंत सोरेन ने भी हामी भरी।

स्‍मरण रहे कि हेमंत सोरेन झारखंड में मुख्‍यमंत्री जरूर हैं मगर 14 संसदीय सीटों वाले झारखंड में उनकी पार्टी का सिर्फ एक ही सीट पर कब्‍जा है। यूपीए की बात करें तो एक और सीट पर कांग्रेस का कब्‍जा है। रांची पहुंचने पर नीतीश कुमार का एयरपोर्ट पर भव्‍य स्‍वागत हुआ। रांची में हेमंत सोरेन से नीतीश कुमार ने देश के मौजूदा हालात और राजनीतिक परिस्थितियों पर करीब एक घंटे बात की। बाद में संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में नीतीश कुमार ने भावनात्‍मक रुझान दिखाया और पुराने रिश्‍तों की याद दिलायी।

हेमंत सोरेन की ओर इशारा करते हुए कहा कि इनके पिता (शिबू सोरेन) ने ही मुझे पहली बार मुख्‍यमंत्री बनाया था। यह बात अलग है कि वह सरकार चंद दिनों ही चली। यह भी सच्चाई है कि जेएमएम प्रमुख शिबू सोरेन काफी मानते रहे। नीतीश कुमार ने कहा कि आज तेजस्वी यादव भी साथ आए हैं, उनके पिता लालू प्रसाद यादव से भी पुराना रिश्ता रहा है। लालू जी और गुरु जी(शिबू सोरेन) से मेरा क्‍या रिश्‍ता रहा है यह जगजाहिर है। 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों को एकजुट करने के अभियान में रांची पहुंचे नीतीश कुमार के साथ बिहार के उपमुख्‍यमंत्री तेजस्‍वी यादव, जदयू के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और नीतीश कैबिनेट के सदस्‍य संजय झा भी थे। जदयू के झारखंड अध्‍यक्ष खीरू महतो भी थे जिन्‍हें बिहार के कोटे से नीतीश कुमार ने राज्‍यसभा भेजा है।

वहीं हेमंत सरकार में मंत्री राजद के सत्‍यानंद भोक्‍ता और मिथिलेश ठाकुर भी मंच पर मौजूद थे। संयुक्‍त संवाददाता सम्‍मेलन में नीतीश कुमार ने भाजपा के खिलाफ विपक्षी एकजुटता की बात कही। बोले कि देश में इन दिनों किस तरह की राजनीति चल रही है, सभी को पता है। आवाज को दबाने की भी कोशिश चल रही है। आप लिखेंगे और दवा दिया जायेगा। हमारी आपके प्रति अच्‍छी धारणा है। पहले फ्रीडम था। अब एक के पक्ष में और दूसरे के खिलाफ में बात होती है। अधिसंख्‍य मीडिया हाउसों के मालिक कौन हैं किसी से छुपा नहीं है।

केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि वहां काम नहीं हो रहा मगर चर्चा खूब हो रही है। कोई न कोई विवाद पैदा करने की कोशिश हो रही है। सब को एकजुट चलना है देश को आगे बढ़ाना है। हमारी बात हो रही है। सभी विपक्षी पार्टियों के बीच विचार-विमर्श का सिलसिला चल रहा है। अगली बार के लोकसभा चुनाव में इसका रिजल्ट देखने को मिलेगा, देश का इतिहास कायम रहेगा। आपस में विवाद पैदा करने की कोशिश को नाकाम कर दिया जाएगा। इस सिलसिले में आज रांची में सीएम हेमंत सोरेन से भी अच्छी बात हुई। मिलकर झारखंड और देश का विकास करना है।

इसके पूर्व झारखंड के मुख्‍यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि हम नए जेनरेशन के राजनीतिक सिपाही हैं। नीतीश कुमार की ओर इशारा करते हुए कहा कि कि हमारे सामने अभिभावक बैठे हैं। हमें अभी बहुत कुछ सीखना और जानना है, इनके मार्गदर्शन में काम करना है। क्षेत्रीय अस्मिता और देश की एकता कायम रहे। नीतीश जी से बात होती रहती है। विपक्षी दलों को एकजुट करने पर वे काम कर रहे हैं। उनसे बात हुई है, झामुमो इस विपक्षी एकता में साथ है। पुन: एकजुट बैठक कर समान विचार बनायेंगे। इसे आगे बढ़ाना है।

बता दें कि विपक्षी एकता की मुहिम में इसके पूर्व नीतीश कुमार ओडिशा के मुख्‍यमंत्री नवीन पटनायक, पश्चिम बंगाल की मुख्‍यमंत्री टीएमसी सुप्रीमो ममता बनर्जी, दिल्‍ली के मुख्‍यमंत्री अरविंद केजरीवाल, यूपी के पूर्व मुख्‍यमंत्री सपा नेता अखिलेश यादव आदि से वार्ता कर चुके हैं।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad