त्रिपुरा में तृणमूल कांग्रेस की सांसद सुष्मिता देव की कार पर शुक्रवार को कुछ अज्ञात लोगों ने हमला किया है। यही नहीं कार में तोड़फोड़ भी की गई। इस दौरान टीएमसी का चुनावी कैंपेन देख रहे एक प्राइवेट फर्म के कुछ कर्मचारियों को चोटें आई हैं। त्रिपुरा में टीएमसी का कामकाज देख रही सुष्मिता देव ने हमले के पीछे बीजेपी पर आरोप लगाया है तथा घटना की कड़ी निंदा करते हुए न्याय की मांग की है।
जिस समय हमला हुआ, सुष्मिता देव इंडियन पॉलिटिकल ऐक्शन कमिटी (आईपैक) के कर्मचारियों के साथ थीं। हमले में सुष्मिता देव बाल-बाल बच गईं। टीएमसी त्रिपुरा ने पूरी घटना का वीडियो अपने सोशल मीडिया अकाउंट ट्विटर पर शेयर किया है।
तृणमूल कांग्रेस की त्रिपुरा इकाई ने ट्वीट किया, "त्रिपुरा की जनता इस बर्बर हमले का करारा जवाब देगी। पुलिस को दर्शक बनकर काम करना तुरंत बंद कर देना चाहिए। कानून-व्यवस्था का इस तरह का पतन अस्वीकार्य है. हम न्याय की मांग करते हैं।"
पुलिस को दी शिकायत में तृणमूल कांग्रेस ने कहा, "सुष्मिता देव के साथ टीएमसी के 10 अन्य पार्टी कार्यकर्ताओं पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं ने अमतली बाजार में दोपहर करीब दोपहर 1:30 बजे हमला किया। हमलावरों ने वाहनों में तोड़फोड़ की, तृणमूल कार्यकर्ताओं पर हमला किया।" सांसद सुष्मिता देव अपनी पार्टी टीएमसी के प्रचार अभियान ‘त्रिपुरार जोन्नो तृणमूल' या 'त्रिपुरा के लिए तृणमूल' शुरू करने के सिलसिले में त्रिपुरा में हैं।