Advertisement

अदाणी समूह के मामले की जांच में देरी हुई, जेपीसी गठित होनी चाहिए: कांग्रेस

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि मॉरीशस स्थित ‘शेल’ कंपनियों का उपयोग अदाणी समूह द्वारा कथित...
अदाणी समूह के मामले की जांच में देरी हुई, जेपीसी गठित होनी चाहिए: कांग्रेस

कांग्रेस ने बुधवार को आरोप लगाया कि मॉरीशस स्थित ‘शेल’ कंपनियों का उपयोग अदाणी समूह द्वारा कथित तौर पर धनशोधन तथा कर चोरी के लिए किए जाने संबंधी आरोपों की जांच में देरी हुई है।

अदाणी समूह ने पहले कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों को आधारहीन बताकर खारिज किया था।

रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री इस समय मॉरीशस की यात्रा पर हैं। मॉरीशस एक महत्वपूर्ण वित्तीय केंद्र और भारत का लंबे समय से सहयोगी रहा है। हालांकि, इस संबंध पर उस समय दाग लग गया जब यह विश्वसनीय आरोप सामने आए कि मॉरीशस में स्थित ‘शेल’ कंपनियों का उपयोग अदाणी और उनके सहयोगियों द्वारा बड़े पैमाने पर धनशोधन, ‘राउंड-ट्रिपिंग’ और कर चोरी के लिए किया गया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जारी सेबी की जांच, जिसे मात्र दो महीने में पूरा होना था, वह दो साल तक चली। इस देरी की आंशिक वजह यह भी है कि जांच एजेंसी विदेशी न्यायालयों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करने में विफल रही है, जो अदाणी महा-घोटाले से जुड़े हुए हैं।’’

रमेश ने अदाणी समूह से जुड़े मामलों का विवरण दिया और कहा कि ‘‘प्रधानमंत्री और उनके करीबी सहयोगियों द्वारा भारतीय अर्थव्यवस्था तथा इसके प्रमुख संस्थानों पर पूर्ण नियंत्रण’’ से यह स्पष्ट होता है कि भारतीय इतिहास का सबसे बड़ा भ्रष्टाचार कांड अभी तक क्यों अनसुलझा है।

उन्होंने कहा, ‘‘इससे यह भी पता चलता है कि महाराष्ट्र और अन्य स्थानों पर चुनाव में गड़बड़ी कैसे और क्यों हुई। इसका एकमात्र समाधान संयुक्त संसदीय समिति द्वारा गहन जांच है।’’

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad