Advertisement

अनुच्छेद-370 फिर से लागू करने पर करेंगे विचार- दिग्विजय सिंह, भाजपा बोली- पाकिस्तान का दे रहे साथ

हमेशा अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय...
अनुच्छेद-370 फिर से लागू करने पर करेंगे विचार- दिग्विजय सिंह, भाजपा बोली- पाकिस्तान का दे रहे साथ

हमेशा अपने बयानों के चलते सुर्खियों में रहने वाले कांग्रेस के दिग्गज नेता और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह एक बार फिर भाजपा के निशाने पर आ गए हैं। सोशल मीडिया पर क्लब हाउस चैट का एक ऑडियो वायरल हो रहा है। जिसमें दिग्विजय सिंह जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल-370 हटाने के फैसले पर टिप्पणी कर रहे हैं। कथित आडियो में दावा किया गया है कि अगर कांग्रेस सरकार सत्ता में आई तो इस फैसले को लेकर फिर से विचार किया जाएगा और धारा-370 लागू करेंगे। इस आडियो के लीक होने के बाद भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं ने दिग्विजय सिंह को निशाने पर लिया है।

दरअसल, दिग्विजय सिंह देश-विदेश के कुछ पत्रकारों से वर्चुअली बात कर रहे थे। इस बीच शाहजेब जिल्लानी ने धारा-370 से जुड़ा का प्रश्न पुछा। दावा है कि वह शाहजेब जिल्लानी एक पाकिस्तानी पत्रकार है। जिसने सवाल किया कि जब मौजूदा सरकार जाती है और भारत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बाद दूसरा पीएम मिल जाए तो कश्मीर पर आगे का रास्ता क्या होगा?

पत्रकार के सवालों के जवाब में दिग्विजय सिंह कहते सुनाई दे रहे हैं कि जब उन्होंने कश्मीर में धारा-370 हटाया तो वहां लोकतंत्र नहीं था। वहां इंसानियत भी नहीं थी, क्योंकि सभी को जेल में बंद कर दिया गया था। कश्मीरियत वहां के सेल्युलरिज्म का हिस्सा है, क्योंकि मुस्लिम बहुल राज्य का राजा हिंदू था और दोनों के साथ मिलकर काम किया करता था। यहां तक कि कश्मीर में कश्मीरी पंडितों को सरकारी नौकरी में आरक्षण दिया गया था। ऐसे में अनुच्छेद-370 को हटाने का फैसला बेहद दुखद था और कांग्रेस जब सत्ता में आएगी तो 370 हटाने के फैसले पर फिर से विचार करेगी।

दिग्विजय सिंह का यह ऑडियो सुनने के बाद भाजपा हमलावर हो गई। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्विट कर कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए लिखा कि पाकिस्तान कांग्रेस का पहला प्यार है। दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी का मैसेज पाकिस्तान तक पहुंचा दिया है। कश्मीर को हथियाने में कांग्रेस पाकिस्तान की मदद करेगी।

भाजपा नेता और प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी कांग्रेस के खिलाफ ट्विट किया कि दिग्विजय सिंह ने आर्टिकल 370 बहाल करने पर पुनर्विचार की बात कही। उन्होंने हिंदू कट्टरपंथी का जिक्र किया। कांग्रेस राष्ट्रविरोधियों का क्लब हाउस है।

भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी क्लब हाउस चैक का एक हिस्सा ट्विट कर शेयर करते हुए लिखा कि क्लब हाउस चैक में राहुल गांधी के शीर्ष सहयोगी दिग्विजय सिंह पाकिस्तानी पत्रकार से कहते हैं कि अगर कांग्रेस सत्ता में आती है तो वह धारा-370 को निरस्त करने के फैसले पर पुनर्विचार करेंगे। सच में? यही तो पाकिस्तान चाहता है।

वहीं कुछ देर पहले दिग्विजय सिंह ने भी अपनी सफाई में विपक्ष के आरोपो के खिलाफ ट्विट किया कि अनपढ़ लोगों की जमात को Shall और Consider में फ़र्क़ शायद समझ में नहीं आता।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad