Advertisement

येदियुरप्पा के साथ बीजेपी ने कर दिया खेल: पहले सीएम पद से हटाया, अब नई कैबिनेट में बेटे को भी नहीं दी जगह

कर्नाटक में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने के बाद आज बुधवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। जिसमें 29...
येदियुरप्पा के साथ बीजेपी ने कर दिया खेल: पहले सीएम पद से हटाया, अब नई कैबिनेट में बेटे को भी नहीं दी जगह

कर्नाटक में मुख्यमंत्री का चेहरा बदलने के बाद आज बुधवार को मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है। जिसमें 29 विधायकों ने मंत्री पद की शपथ ली है। कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत ने राजभवन में एक कार्यक्रम में मंत्रियों को पद की शपथ दिलाई। जिसमें सीएम बसवराज बोम्मई भी मौजूद थे। बोम्मई की नई कैबिनेट में 7 मंत्री ओबीसी, 3 एससी, 1 एसटी, 7 वोकॉलिगा, 8 लिंगायत समुदाय से हैं, वहीं एक महिला मंत्री बनाई गई है। वहीं, आश्चर्य की बात है कि इस कैबिनेट में पूर्व सीएम बी एस येदियुरप्पा के बेटे बी वाई विजयेंद्र को कोई भी स्थान नहीं दिया गया है।

कैबिनेट के विस्तार से पहले कयास लगाए जा रहे थे कि बी वाई विजयेंद्र को कैबिनेट में उपमुख्यमंत्री का पद मिल सकता है, लेकिन लिंगायत समुदाय से ही सीएम मिलने के बाद यह दांव विफल रहा। उन्हें बोम्मई की मंत्रिमंडल में कोई भी जगह नहीं मिली।

सूत्रों के मुताबिक येदियुरप्पा को पद छोड़ने के लिए राजी करने के समय भाजपा के शीर्ष आलाकमानों ने विजयेंद्र को उपमुख्यमंत्री पद की पेशकश की थी। हालांकि, येदियुरप्पा ने इसे सिरे से खारिज कर दिया था। बदले में उन्होंने विजयेंद्र को राज्य पार्टी प्रमुख के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की थी, जिसे पार्टी ने खारिज कर दिया।

बोम्मई ने ये भी कहा था कि उनके नए कैबिनेट में 29 मंत्री शामिल किए जाएंगे और इस बार कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। उन्होंने यह भी कहा था कि पूर्व मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा के छोटे बेटे और भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र उन मंत्रियों में शामिल नहीं हैं जो शपथ लेंगे।

पत्रकारों से बातचीत में सीएम ने कहा कि येदियुरप्पा के नेतृत्व वाले पिछले कैबिनेट में तीन उपमुख्यमंत्री थे, लेकिन इस बार आलाकमान के निर्देशों के अनुसार कोई उपमुख्यमंत्री नहीं होगा। उन्होंने आगे कहा कि मंत्रिमंडल में अनुभवी और नए दोनों मंत्री शामिल हैं।

नए कैबिनेट के विस्तार के बारे में सीएम बोम्मई ने बताया कि राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ उन्होंने और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कई दौर के सलाह मश्वरों के बाद यह लिस्ट बनाई गई थी। किसी के दबाव का कोई सवाल ही नहीं है। व्यापक सोच के बाद नामों की लिस्ट तैयार की गई है।

विजयेंद्र को कैबिनेट में शामिल करने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने येदियुरप्पा से बात की और राष्ट्रीय महासचिव तथा पार्टी के कर्नाटक मामलों के प्रभारी अरुण सिंह ने निजी तौर पर विजयेंद्र से बात की थी। उन्होंने कहा, "मैं बस यह कह सकता हूं कि विजयेंद्र का नाम सूची में नहीं है।"

बता दें, सीएम बसवराज बोम्मई 31 जुलाई को दिल्ली के दौरे पर गए थे। जहां उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री बनने के बाद पहली बार दिल्ली आए बोम्मई ने कहा था कि कर्नाटक में अगले हफ्ते मंत्रिमंडल का विस्तार होना है जिसे लेकर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात की गई।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad