भाजपा के निलंबित सांसद कीर्ति आजाद झा की पत्नी पूनम झा आजाद मंगलवार को आम आदमी पार्टी :आप: छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गईं। पूनम झा आजाद पांच महीने पहले आप में शामिल हुई थीं।
अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा की होम प्रोडक्शन की पहली मराठी फिल्म वेंटिलेटर का चयन तीन राष्ट्रीय अवार्ड के लिए किया गया है। अभिनेत्री ने कहा कि इस तरह का सम्मान प्रोत्साहित करता है लेकिन वह यह तय नहीं कर सकता है कि भविष्य में वह कैसी फिल्में करेंगी।
अभिनेता अक्षय कुमार को फिल्म 'रुस्तम' के लिए इस साल के 'बेस्ट एक्टर' के राष्ट्रीय पुरस्कार के लिए चुना गया है। सोनम कपूर की फिल्म 'नीरजा' को 'बेस्ट हिंदी फिल्म' चुना गया है। पिछले साल सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म 'दंगल' में नन्हीं बबीता का किरदार निभाने वाली कश्मीरी अदाकारा जायरा वसीम को 'बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस' के लिए चुना गया है। अमिताभ बच्चन, तापसी पन्नू अभिनीत फिल्म 'पिंक' को सामाजिक विषयों पर सर्वेश्रेष्ठ फिल्म की श्रेणी में चुना गया है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आज तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गयी और न्यूनतम तापमान करीब 21 डिग्री सेल्सियस रहा। शहर में कल तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस था, जो इस मौसम के औसत तापमान से सात डिग्री सेल्सियस अधिक है। राजधानी में कल का दिन पिछले सात सालों में मार्च का सबसे गर्म दिन रहा।
केन्द्र सरकार ने सभी राज्य सरकारों से तिरंगे के अपमान को रोकने के लिए ध्वज संहिता का सजगता से पालन कराने को कहा है। केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने सभी राज्य एवं संघ शासित सरकारों और केन्द्रीय मंत्रालयों को बुधवार को जारी परामर्श में राष्ट्रध्वज का सम्मान सुनिश्चित करने वाले कानूनी प्रावधानों का सख्ती से पालन कराने को कहा है।
भारतीय हाकी टीम के कप्तान पीआर श्रीजेश ने कहा कि यह देखकर अच्छा लगता है कि जूनियर और सीनियर खिलाडि़यों के बीच राष्ट्रीय टीम में जगह के लिये स्वस्थ प्रतिस्पर्धा है।
माकपा प्रमुख सीताराम येचुरी ने कहा है कि राजग सरकार की नीतियों के खिलाफ लोगों के असंतोष को दिशा देकर 2019 के आम चुनावों में भाजपा को चुनौती देने के वास्ते एक राष्ट्रीय गठबंधन बनाए जाने की आवश्यकता है।
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी का गठबंधन 2019 के लोकसभा चुनाव में भी जारी रहने की बात करते हुए गुरुवार को कहा कि लोकसभा चुनाव तक और भी धर्मनिरपेक्ष पार्टियां इस गठबंधन में शामिल होंगी। वहीं बसपा के इन दलों में शामिल होने की संभावना के सवाल पर उन्होंने कहा, ‘मैं किसी पार्टी का नाम नहीं लेना चाहता लेकिन भाजपा को हराने के लिए सभी सेक्यूलर पार्टियों को एक साथ होना पड़ेगा।
उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट किया कि किसी फिल्म, वृत्त चित्र या समाचार फिल्म की कहानी के हिस्से के रूप में राष्ट्रगान बजने के दौरान दर्शकों को खड़ा होने की जरूरत नहीं है।
कांग्रेस महासचिव एवं उत्तर प्रदेश के प्रभारी गुलाम नबी आज़ाद ने दावा किया कि कांग्रेस सपा का गठबंधन दो साल बाद आने वाले लोकसभा चुनावों में भी न केवल कायम रहेगा, बल्कि दोनों पार्टिंयां मिलकर सरकार भी बनाएंगी।