Advertisement

श्रेयस और ईशान पर बीसीसीआई अब हुआ मेहरबान! केंद्रीय अनुबंधों की सूची में वापसी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को 2024-25 सत्र के लिए पुरुष खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंधों की...
श्रेयस और ईशान पर बीसीसीआई अब हुआ मेहरबान! केंद्रीय अनुबंधों की सूची में वापसी

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सोमवार को 2024-25 सत्र के लिए पुरुष खिलाड़ियों के केंद्रीय अनुबंधों की सूची जारी कर दी है। दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली, रोहित शर्मा, रविंद्र जडेजा और जसप्रीत बुमराह को एक बार फिर ग्रेड A+ में शामिल किया गया है।

वहीं, पिछले साल अनुबंध गंवाने वाले श्रेयस अय्यर और ईशान किशन की इस बार वापसी हुई है। श्रेयस को ग्रेड B में जबकि ईशान को ग्रेड C में जगह दी गई है।

गौरतलब है कि इन दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट (रणजी ट्रॉफी) में हिस्सा नहीं लिया था, जिसके चलते उन्हें पिछले साल अनुबंध से बाहर कर दिया गया था। श्रेयस ने फरवरी 2024 में चोट का हवाला देकर रणजी मैच नहीं खेला, जबकि ईशान किशन ने झारखंड के लिए खेलने से ब्रेक लिया।

बीसीसीआई की पॉलिसी के मुताबिक, जो खिलाड़ी किसी एक सत्र में कम से कम 3 टेस्ट, 8 वनडे या 10 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलते हैं, उन्हें स्वचालित रूप से ग्रेड C में शामिल कर लिया जाता है।

केंद्रीय अनुबंध के तहत खिलाड़ियों को वार्षिक वेतन इस प्रकार मिलता है:

ग्रेड A+ : ₹7 करोड़

ग्रेड A : ₹5 करोड़

ग्रेड B : ₹3 करोड़

ग्रेड C : ₹1 करोड़

विराट कोहली, रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह और रविंद्र जडेजा ग्रेड A+ में बने हुए हैं। हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी, शुभमन गिल, केएल राहुल, मोहम्मद सिराज और ऋषभ पंत ग्रेड A में शामिल हैं। पंत को इस बार ग्रेड B से A में प्रमोट किया गया है।

सूर्यकुमार यादव, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव और यशस्वी जायसवाल को ग्रेड B में रखा गया है।

ग्रेड C में ईशान किशन, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, वॉशिंगटन सुंदर, शिवम दुबे, रुतुराज गायकवाड़, रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, प्रसिद्ध कृष्णा, राजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नितीश कुमार रेड्डी, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती और हर्षित राणा जैसे युवा और नए खिलाड़ी शामिल हैं।

इस बार रविचंद्रन अश्विन का नाम लिस्ट में नहीं है क्योंकि उन्होंने दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वहीं, वरुण चक्रवर्ती को उनकी चैंपियंस ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के चलते पहली बार अनुबंध में शामिल किया गया है।

शार्दुल ठाकुर, जितेश शर्मा, केएस भरत और अवेश खान को इस बार अनुबंध सूची से बाहर कर दिया गया है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad